



नर्मदापुरम / जिला अस्पताल में 24 जून 2026 को प्रियंका बाई पति संदीप आदिवासी, निवासी ग्राम माखनी के जुड़वा बच्चों में से एक बच्चा चोरी होने के मामले को लेकर सर्व आदिवासी समाज ने जिला अस्पताल का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान अस्पताल परिसर के अंदर और बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल प्रबंधन एवं सिविल सर्जन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की। समाज ने घटना के समय ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका, सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही जांच प्रभावित होने की आशंका जताते हुए संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को जांच पूरी होने तक नियमानुसार निलंबित करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के बाद सर्व आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर संबंधित अधिकारी को ज्ञापन सौंपा और पूरे मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

