2,000 रुपये के अर्थदंड से दंडित
पहले चाकू से किया हमला फिर लगाई आग
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
पत्नी की नृशंस हत्या के मामले में नर्मदापुरम के सत्र न्यायालय ने सोमवार, को एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए आरोपी पति को दोषी करार दिया है। सत्र न्यायाधीश ने आरोपी योगेश संतोरे पिता भगवानदास को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत आजीवन कारावास और 2,000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड की राशि जमा न करने पर आरोपी को छह माह का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा। इस मामले में शासन की ओर से लोक अभियोजक शैलेंद्र कुमार गौर ने पैरवी की।
यह था पूरा मामला
लोक अभियोजक शैलेंद्र कुमार गौर द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मीनाक्षी चौक आईटीआई निवासी मृतका आरती संतोरे का विवाह घटना से चार वर्ष पूर्व योगेश संतोरे के साथ हुआ था। 16 जुलाई 2024 की शाम को आरती भोपाल से नर्मदापुरम आई थीं। इसी दौरान उनके पति योगेश ने उन्हें उनकी मौसी के घर छोड़ने की बात कही और अपनी एक्टिवा पर बैठाकर ले जाने लगा। रात करीब 11:00 बजे जब वे ग्राम कुलामडी रोड के पास पहुंचे, तो योगेश ने गाड़ी रोक दी और आरती से विवाद करने लगा। आरती के विरोध करने पर आरोपी ने चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके गले और हाथ पर चोटें आईं। इसके बाद आरोपी ने आरती के ऊपर पेट्रोल छिड़ककर माचिस से आग लगा दी और उन्हें जलता हुआ छोड़कर मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से झुलसी अवस्था में आरती पैदल चलकर केदारनाथ सिटी के पास पहुंचीं और वहां तैनात गार्ड को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां देहाती नालसी के दौरान उन्होंने अपना मृत्यु पूर्व कथन (डाइंग डिक्लेरेशन) दर्ज कराया। उपचार के दौरान आरती की मृत्यु हो गई। आरती के मृत्यु पूर्व बयान के आधार पर थाना देहात पुलिस ने आरोपी योगेश संतोरे के खिलाफ अपराध क्रमांक 351/24 के तहत बीएनएस की धारा 118(1), 109 और 103(1) का मामला दर्ज किया था। न्यायालय में विचारण के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से कुल 21 गवाहों के बयान दर्ज कराए गए। साक्ष्यों और गवाहों के बयानों से सहमत होते हुए माननीय न्यायालय ने आरोपी को उम्रकैद की सजा सुनाई।
