दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम ।
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के अंतर्गत वन परिक्षेत्र चूरना में तवा जलाशय स्थित कंट्रोल रूम के समीप एक सांभर की मृत्यु हो गई। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के उपसंचालक, सहायक संचालक इटारसी तथा परिक्षेत्र अधिकारी चूरना सहित वन परिक्षेत्र बागड़ा (बफर) एवं वन परिक्षेत्र इटारसी (सामान्य) के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा तत्काल घटनास्थल पर पहुँचकर निरीक्षण किया गया। घटनास्थल के निरीक्षण के आधार पर सांभर की मृत्यु प्राकृतिक कारणों से होने की संभावना व्यक्त की गई है। मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए वन्यप्राणी अपराध प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार अग्रिम जांच की जा रही है। सांभर का पोस्टमार्टम किया गया। वैज्ञानिक परीक्षण एवं फोरेंसिक जाँच हेतु आवश्यक अंगों तथा जैविक नमूनों को विधिवत संरक्षित किया गया है, ताकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का वैज्ञानिक आधार पर निर्धारण किया जा सके। पोस्टमार्टम की कार्यवाही पूर्ण होने के उपरांत मृत सांभर के शव का नियमानुसार दाह-संस्कार एवं भस्मीकरण किया गया।

