

नर्मदापुरम / मध्यप्रदेश कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष गजानंद तिवारी ‘गज्जू’ के नेतृत्व में मंगलवार को इटारसी में पुराने बस स्टैंड पर बसों के 5 मिनट के पिक एंड ड्रॉप स्टॉपेज की मांग को लेकर सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए।
लगभग तीन घंटे तक चले इस प्रदर्शन में बाजार में जनआक्रोश रैली निकाली गई। रैली में कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड जिला अध्यक्ष शुभम वालिया, नगर अध्यक्ष विशाल तिलोतिया, सेवादल जिला अध्यक्ष अमित गुप्ता, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष नेहा चावरे, पूर्व महिला कांग्रेस नगर अध्यक्ष पार्षद सीमा भदोरिया, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष नीलम गांधी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, व्यापारियों और आम नागरिकों ने भाग लेकर बस स्टैंड से जुड़े आदेश के खिलाफ आवाज बुलंद की।
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि वे नए बस स्टैंड का विरोध नहीं कर रहे हैं, बल्कि पुराने बस स्टैंड पर यात्रियों की सुविधा के लिए बसों का 5 मिनट का पिक एंड ड्रॉप स्टॉपेज जारी रखने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि पुराने बस स्टैंड पर बसों का ठहराव बंद होने से विद्यार्थियों, मजदूरों, किसानों, महिलाओं, बुजुर्गों और रोजाना यात्रा करने वाले नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जयस्तंभ चौक पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने तानाशाही और जनविरोधी आदेश के प्रतीकात्मक विरोध में रावण रूपी पुतले का दहन कर आदेश की प्रतियां जलाईं। इस दौरान भाजपा सरकार और प्रशासन के रवैये के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुराने बस स्टैंड पर बस स्टॉपेज बहाल करने की मांग उठाई गई।
जनहित की मांग पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन – गजानंद तिवारी…..
गजानंद तिवारी ‘गज्जू’ ने कहा कि यह लड़ाई नए बस स्टैंड के विरोध में नहीं, बल्कि आम जनता की सुविधा और अधिकारों के लिए है। नए बस स्टैंड का संचालन जारी रहे, लेकिन पुराने बस स्टैंड पर भी कम से कम पांच मिनट का पिक एंड ड्रॉप स्टॉपेज सुनिश्चित किया जाए, ताकि शहर के नागरिकों और बाहर से आने-जाने वाले यात्रियों को अनावश्यक परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि जनहित की इस मांग को लेकर आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक पुराने बस स्टैंड पर बसों का पांच मिनट का स्टॉपेज बहाल नहीं किया जाता या यात्रियों की समस्या का उचित समाधान नहीं निकाला जाता।
वक्ताओं ने कहा कि शहर के विकास के साथ-साथ आम नागरिकों की सुविधाओं का ध्यान रखना भी आवश्यक है। यदि किसी व्यवस्था में बदलाव से आम लोगों को परेशानी हो रही है, तो प्रशासन को जनभावनाओं को समझते हुए समाधान निकालना चाहिए।
प्रदर्शन में वरिष्ठ अधिवक्ता एवं बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष वरिष्ठ कांग्रेसी नेता संतोष गुरयानी, मोहन झलिया, ज्ञानेंद्र उपाध्याय, राकेश चंदेल, प्रवीण गांधी, विजय बाबू चौधरी, मुकेश गांधी, लच्छू राजवंशी, भवानी कहर, संतोष चौरे, सतीश पराशर, अनिल सोनकिया, नदीम भाई सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता, व्यापारी और आम नागरिक शामिल हुए।

