

नर्मदापुरम / सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के अंतर्गत वन परिक्षेत्र चूरना में तवा जलाशय स्थित कंट्रोल रूम के समीप एक सांभर की मृत्यु होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना प्राप्त होते ही सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के उपसंचालक, सहायक संचालक इटारसी तथा परिक्षेत्र अधिकारी चूरना सहित वन परिक्षेत्र बागड़ा (बफर) एवं वन परिक्षेत्र इटारसी (सामान्य) के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा तत्काल घटनास्थल पर पहुँचकर निरीक्षण किया गया। प्रारंभिक जानकारी एवं घटनास्थल के निरीक्षण के आधार पर सांभर की मृत्यु प्राकृतिक कारणों से होने की संभावना व्यक्त की गई है। तथापि, मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हेतु वन्यप्राणी अपराध प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार अग्रिम जाँच की जा रही है।निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार वन्यजीव चिकित्सा दल द्वारा मृत सांभर का पोस्टमार्टम किया गया। वैज्ञानिक परीक्षण एवं फोरेंसिक जाँच हेतु आवश्यक अंगों तथा जैविक नमूनों को विधिवत संरक्षित किया गया है, ताकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का वैज्ञानिक आधार पर निर्धारण किया जा सके।पोस्टमार्टम की कार्यवाही पूर्ण होने के उपरांत मृत सांभर के शव का नियमानुसार दाह-संस्कार एवं भस्मीकरण किया गया।

