दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
विधानसभा क्षेत्र 137 होशंगाबाद में बीएलओ को डोर-टू-डोर सर्वे एवं नाम जोड़ने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया। विशेष गहन पुनरीक्षण के पश्चात मतदाता सूची में छूटे पात्र मतदाताओं तथा प्रथम बार पात्र हो रहे युवाओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया के संबंध में मंगलवार को प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में बीएलओ को अपने-अपने मतदान क्षेत्र में डोर-टू-डोर सर्वे कर ऐसे पात्र मतदाताओं की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए, जिनके नाम एसआईआर के दौरान मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो सके हैं। इसके साथ ही 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं के नाम भी मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जितेन्द्र यादव, प्रोग्रामर द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान अनुविभागीय एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी देवेन्द्र प्रताप सिंह ने बीएलओ सुपरवाइजर एवं बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करना निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण कार्य है, इसलिए सभी बीएलओ अपने क्षेत्र में गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ सर्वे कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिए कि छूटे हुए पात्र मतदाताओं एवं 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा मतदाताओं के नाम जोड़ने की कार्रवाई को प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। साथ ही सर्वे के दौरान प्राप्त जानकारी का सावधानीपूर्वक सत्यापन कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।

