जनसुनवाई में मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
नवरात्रि सहित सभी त्यौहार सामने है लेकिन शहर की व्यवस्थाएं जस की तस पड़ी हैं। यह आरोप नगर कांग्रेस ने लगाए हैं। कांग्रेस का कहना है शहर की समस्याओं को लेकर कई बार ज्ञापन सौंपने के बाद भी सुधार नहीं हो रहा है। समस्याओं को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर के सामने पहुंची और 7 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। नगर कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश बाथरे के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि आगामी त्योहारी सीजन को देखते समस्याओं का तुरंत निराकरण किया जाए।
सड़क के क्षतिग्रस्त, बिजली की समस्याएं
कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से जनसुनवाई में अवगत कराया कि सीवर लाइन से सड़कें क्षतिग्रस्त हैं । नगर में सीवर लाइन के काम से सभी सड़कें खुदी पड़ी हैं और रेस्टोरेशन का काम गुणवत्ताहीन है। कांग्रेस ने पीडीएस वितरण में गड़बड़ी को लेकर नगर के सभी दुकानों की जांच कराने की मांग की है।
सभी 33 वार्डों में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने और आवारा मवेशी – सुअर, कुत्ता, गायों का तत्काल निराकरण हो।
ट्रेंचिंग ग्राउंड से बीमारी का खतरा
ट्रेंचिंग ग्राउंड से लगे रहवास क्षेत्र में गंदगी और बदबू से बीमारी फैलने का खतरा बढ़ रहा है। शहर में सड़कों के बीच जगह-जगह बिजली के तार झूल रहे हैं और नीचे लटके हैं। वार्ड 6 में नाले पर फेंसिंग नहीं है । वार्ड नं. 6 स्थित बजरिया नाले में फेंसिंग बेरिगेट लगाने के लिए कई बार शिकायत के बाद भी काम नहीं हुआ। पूर्व नगर कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि है कि इन जनसमस्याओं का नवरात्रि के पूर्व निराकरण आवश्यक है। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष नपा अनोखी राजोरिया, पूर्व नगर कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेन्द्र तिवारी, अजय सैनी , संतोष तोमर, गुलाम हैदर, सौरभ राय , रिजवान खान, जीतेन्द्र गोरेले , जागेश यादव सहित अन्य कांग्रेस जन उपस्थित रहे।

