
नर्मदापुरम / इटारसी / वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त भोपाल डॉ. अभिषेक के मार्गदर्शन में रेल सुरक्षा बल इटारसी पोस्ट द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नार्कोस’ के तहत दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपियों के कब्जे से कुल17.540 किलो ग्राम गांजा बरामद किया गया है।जिसकी अनुमानित कीमत ₹8,77,000/- (आठ लाख सहत्तर हजार रुपये) है। बताया गया कि 24 सितम्बर.2026 को आरपी एफ इटारसी को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि गाड़ी संख्या 12807 (समता एक्सप्रेस) के जनरल कोच में कुछ व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध गांजा लेकर यात्रा कर रहे हैं। उपरोक्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए निरीक्षक अपराध खुफिया शाखा भोपाल तथा विशेष खुफिया शाखा इटारसी को अवगत कराया गया और एक विशेष संयुक्त टीम का गठन किया गया। उक्त संयुक्त टीम को बैतूल से भोपाल के मध्य ट्रेन में सघन चेकिंग और जांच हेतु तैनात किया गया। टीम द्वारा ट्रेन में बैतूल से भोपाल तक लगातार निगरानी रखी गई। सूचना सही पाए जाने पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो भोपाल को तुरंत सूचित किया गया। दिनांक 25.09.2026 को सुबह 08:56 बजे समता एक्सप्रेस के भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेट फॉर्म क्रमांक 03 पर पहुंचते ही संयुक्त टीम ने निगरानी व नजर में रखे गए 02 व्यक्तियों को संदिग्ध अवस्था में जनरल कोच से उतरते समय रोका गया। जिनके पास बैगों में गांजा पाए जाने पर एनसीबी भोपाल द्वारा एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत दोनों व्यक्तियों परवेज खान (उम्र 31 वर्ष) एवं सुमित पाठक (उम्र 19 वर्ष) को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। उक्त कार्रवाई में आरपी एफ पोस्ट इटारसी के आरक्षक विक्रम सिंह डागुर, आरक्षक गोविंद राम,अपराध खुफिया शाखा भोपाल के सउनि ए.के. मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोलू, प्रधान आरक्षक जीतराम, प्रधान आरक्षक गजराज, आरक्षक प्रदीप कुमार विशेष खुफिया शाखा इटारसी के एएसआई मोहन द्विवेदी का सराहनीय योगदान रहा।

