



नर्मदापुरम / माननीय उच्च न्यायालय जबलपुर के निर्देशानुसार एवं श्रीमति तृप्ति शर्मा माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश महोदया की उपस्थिति में दिनांक 19.09.2026 शनिवार को ए.डी.आर भवन जिला न्यायालय परिसर नर्मदापुरम् में सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जविलत कर वृहद स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। उक्त शिविर में श्रीमती वर्षा शर्मा तृतीय जिला न्यायाधीश , मनोज कुमार विशेष न्यायाधीश, दिनेश कुमार नोटिया प्रथम अपर जिला न्यायाधीश, फिरोज अख्तर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नर्मदापुरम्, सचिव सुश्री के. शिवानी, समस्त न्यायाधीशगण, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी नरसिंह गहलोत एवं विशेषज्ञ चिकित्सा अधिकारी एवं आयुध विभाग के चिकित्सा अधिकारी, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह राजपूत एवं समस्त अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
श्रीमती तृप्ति शर्मा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नर्मदापुरम् के द्वारा बताया गया कि स्वास्थ्य हमारे जीवन की सबसे बड़ी पूँजी है। अच्छे स्वास्थ्य के लिए संतुलित भोजन, पर्याप्त पानी, रोज थोड़ा व्यायाम, पूरी नींद और साफ-सफाई बहुत जरूरी है। समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाना और किसी बीमारी के लक्षण होने पर डॉक्टर से सलाह लेना भी महत्वपूर्ण है। स्वस्थ शरीर के साथ मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है। आयोजित शिविर में न्यायिक अधिकारीगण, न्यायिक कर्मचारीगण एवं अधिवक्तागण सहित लगभग 350 जांचें तथा स्वास्थ्य परीक्षण कर उक्त हितधारकों को लाभान्वित किया गया।

