

नर्मदापुरम / स्थानीय शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जुमेराती में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘विकसित भारत संकल्पना’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। यह प्रतियोगिता संस्था प्राचार्य श्रीमती कीर्ति शिवपुरिया के कुशल नेतृत्व तथा विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं के सतत मार्गदर्शन में आयोजित की गई।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने अद्भुत उत्साह प्रदर्शित करते हुए समसामयिक एवं राष्ट्रीय महत्व के विषयों—”वोकल फॉर लोकल”, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, स्वच्छता, पर्यावरण व हरियाली, स्वस्थ जीवन, वृक्षारोपण एवं उज्ज्वल भविष्य पर अपने विचार रखे तथा अत्यंत आकर्षक व सुंदर पेंटिंग्स उकेरीं। छात्राओं द्वारा रंगों के माध्यम से प्रस्तुत की गई कलाकृतियों में उनकी कल्पनाशक्ति और रचनात्मक कौशल स्पष्ट रूप से झलकता नजर आया। कार्यक्रम के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) एल. एन. प्रजापति द्वारा विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जब उन्होंने छात्राओं द्वारा बनाई गई मनमोहक व जीवंत पेंटिंग्स को देखा, तो वे अत्यंत प्रभावित हुए। जिला शिक्षा अधिकारी ने न केवल छात्राओं के कलात्मक प्रदर्शन को खूब सराहा, बल्कि उनका उत्साहवर्धन करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।
इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को सही दिशा देने और विद्यालय में रचनात्मक वातावरण निर्मित करने के लिए संस्था प्राचार्य श्रीमती कीर्ति शिवपुरिया सहित पूरे शिक्षण स्टाफ की भूरि-भूरि प्रशंसा की। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से विद्यालय परिवार में हर्ष व उत्साह का माहौल रहा।

