


नर्मदापुरम / सिवनी मालवा के पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती गायत्री सोनी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वीरेंद्र मिश्रा विधायक प्रतिनिधि, रघुवीर राजपूत विधानसभा प्रभारी, श्रीमती मालती गौर महिला एवं स्वास्थ्य सहायता समूह प्रदेश सहसंयोजक, जिला कार्यकारिणी सदस्य एवं महिला मोर्चा जिला महामंत्री तथा माखन लोवंशी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यालय की गतिविधियों और छात्राओं के प्रदर्शन का अवलोकन कर सराहना की। कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण का केंद्र ‘विकसित भारत की संकल्पना’ पर आधारित सेल्फी प्वाइंट रहा, जहाँ उपस्थित सभी अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सेल्फी ली।आयोजित प्रतियोगिताओं के दौरान छात्राओं ने ‘आत्मनिर्भर नारी’, ‘स्वदेशी अपनाओ’ तथा ‘भारत की शिक्षा प्रणाली’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावपूर्ण भाषण प्रस्तुत किए। वहीं, चित्रकला प्रतियोगिता में भी छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से प्रेरक संदेश दिए।
21 एवं 22 सितंबर को आयोजित होगी प्रदर्शनी……
कार्यक्रम की नोडल शिक्षक श्रीमती रश्मि पुरोहित ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिताओं में छात्राओं द्वारा बनाई गई कलाकृतियों की प्रदर्शनी 21 सितंबर को विद्यालय स्तर पर लगाई जाएगी, जिसमें अभिभावक एवं जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके पश्चात 22 सितंबर को संकुल स्तर पर चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती रश्मि पुरोहित एवं श्रीकान्त लोवंशी द्वारा किया गया। आयोजन के दौरान समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

