
नर्मदापुरम / शहर के इतवारा बाजार में बैंक ऑफ इंडिया खंडवा अंचल की नई शाखा शुरू हुई। इसका उदघाट्न संजय श्रीवास्तव, महाप्रबंधक एसजीएमओ भोपाल के द्वारा किया गया। इस अवसर पर आंचलिक प्रबंधक विश्वरंजन मिश्र, उप-आंचलिक प्रबंधक राजीव कुमार, आंचलिक कार्यालय एवं निकटतम शाखाओं एवं नई शाखा के समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।
महाप्रबंधक संजय श्रीवास्तव ने रिबन काट कर नई शाखा का उदघाट्न किया। उन्होंने नए शाखा-परिसर की सराहना की तथा स्टाफ-सदस्यों को शाखा के सफल व्यवसाय-संचालन के लिए शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम में पधारे नए खाताधारकों, अतिथियों एवं अति विशिष्ट ग्राहकों को संबोधित करते हुए कहा कि इससे शहरवासियों को बेहतर बैंकिंग सेवाओं का लाभ मिलेगा और नए रोजगार-सृजन की संभावनाएं बढ़ेंगी तथा शहर में बैंक ऑफ इंडिया की उपस्थिति को और मजबूत करेगी। उन्होंने बताया कि बैंक ऑफ इंडिया, भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही सभी योजनाओं को ग्राहकों तक सक्रिय रूप से पहुंचाता है।
आंचलिक प्रबंधक विश्वरंजन मिश्र ने बताया कि इस शाखा के खुल जाने से खंडवा अंचल के अंतर्गत शाखाओं की कुल संख्या बढ़कर 76 हो गयी हैं । बैंक के पास सभी प्रकार के ग्राहकों के लिए बैंकिंग-उत्पाद उपलब्ध हैं तथा यह डिजिटल बैंकिंग के क्षेत्र में भी अग्रणी है। उन्होंने कहा कि हमारी नई शाखा व्यक्तिगत और व्यवसायिक दोनों प्रकार की वित्तीय आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

