
सोहागपुर / नागरिक संघर्ष समिति, सोहागपुर के एक प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन में आज पिपरिया पहुंचकर सांसद दर्शन सिंह चौधरी से उनके कार्यालय में भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने सोहागपुर की लंबे समय से लंबित रेल यात्री सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर सांसद के समक्ष विस्तार से चर्चा की और उनके शीघ्र निराकरण की मांग रखी।
संघर्ष समिति के संयोजक शिव कुमार पटेल ने बताया कि सांसद के समक्ष सोहागपुर को अमृत भारत स्टेशन योजना में सम्मिलित करने, प्रमुख ट्रेनों के स्टॉपेज, ओवरब्रिज/अंडरब्रिज की मांग, रेलवे स्टेशन पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था,बैठने हेतु तीन शेड,यात्रियों की सुरक्षा एवं स्वच्छता सहित अन्य यात्री सुविधाओं के विषय प्रमुखता से रखे गए।
प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से इटारसी से मदनमहल की ओर चलने वाली ट्रेन क्रमांक 51673 एवं 51674 को शीघ्र शुरू किए जाने की मांग भी सांसद के समक्ष रखी।
सांसद ने DRM से फोन पर की चर्चा….
प्रतिनिधिमंडल द्वारा रखी गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने मौके पर ही DRM (मंडल रेल प्रबंधक) से फोन पर चर्चा की। उन्होंने एक-एक समस्या को उनके समक्ष रखते हुए आवश्यक कार्रवाई एवं निराकरण के लिए निर्देशित किया।
ट्रेनों के स्टॉपेज के संबंध में सांसद ने कहा कि सोहागपुर के नागरिक लंबे समय से इसके लिए प्रयासरत हैं तथा सोहागपुर को आवश्यक ट्रेन स्टॉपेज दिलाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
वर्ष 2013 में स्वीकृत अंडरब्रिज का विषय भी उठा…..
ओवरब्रिज/अंडरब्रिज के विषय में सांसद ने बताया कि वर्ष 2013 में अंडरब्रिज स्वीकृत हुआ था। उन्होंने कहा कि उस समय की स्वीकृति से संबंधित पत्र प्रतिनिधिमंडल को उपलब्ध कराया जा रहा है तथा जो भी समायोजन राशि आवश्यक होगी, उसे स्थानीय विधायक के माध्यम से नगर पालिका द्वारा जमा कराने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान एवं अन्य आवश्यक जानकारी यात्रियों को आसानी से उपलब्ध हो सके, इसके लिए डिजिटल लोकेटर/डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाने के संबंध में भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाने की बात सामने आई।
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद के साथ सभी समस्याओं पर बिंदुवार चर्चा की तथा सोहागपुर की रेल सुविधाओं के विकास के लिए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र किए जाने का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे उपस्थित….
प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से वरिष्ठ समाजसेवी एवं पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह, चंद्रकांत चौरसिया, समाजसेवी कृष्णा पालीवाल, पप्पू छाबड़िया, प्रदेश मंत्री भाजपा राजो मालवीय, जनपद अध्यक्ष जालम सिंह पटेल, मंडल अध्यक्ष अश्विनी सरोज, विजय छाबड़िया, शंकर लाल मालवीय, संघर्ष समिति संयोजक शिव कुमार पटेल, अखिलेश मालवीय, रितेंद्र राजपूत, चंद्रकांत रघुवंशी,आनंद साहू, अभिनव पालीवाल, केशव जाजू, कपिल शर्मा, रीतेश अग्रवाल, भरत पटेल, रामनिरंजन जायसवाल, निलेश खंडेलवाल, प्रशांत बसेड़िया सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

