
नर्मदापुरम / कलेक्टर नर्मदापुरम के निर्देशानुसार शनिवार को एसडीएम विजय राय एवं तहसीलदार सिवनी मालवा ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ तहसील शिवपुर अंतर्गत ग्राम शिवपुर में विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए शासकीय भूमि का संयुक्त स्थल निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य शासकीय विभागों की प्रस्तावित जनोपयोगी परियोजनाओं एवं संस्थाओं के निर्माण के लिए भूमि की उपलब्धता और उपयोगिता का जायजा लिया गया। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने शिवपुर क्षेत्र की शासकीय भूमि, मंडी परिसर, स्वास्थ्य केंद्र परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों का अवलोकन किया।
एसडीएम विजय राय ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रस्तावित निर्माण कार्यों हेतु उपयुक्त शासकीय भूमि का प्राथमिकता से चिन्हांकन किया जा रहा है। निर्माण कार्यों में बाधक अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान शिवपुर हॉस्पिटल के पीछे किए गए अतिक्रमण को शीघ्र हटाने के लिए एसडीएम विजय राय ने तहसीलदार एवं पटवारी शिवपुर को समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर प्रस्तावित विकास कार्यों को जल्द धरातल पर लाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि मृगेंद्र सिंह मंडलोई सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

