
नर्मदापुरम / एसडीएएम महाविद्यालय सिवनी मालवा में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, समर्पण, राष्ट्रप्रेम एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं वंदन से हुआ।
इस अवसर पर सेवा भारती नगर अध्यक्ष राजा तिवारी ने सेवा संकल्प अभियान की रूपरेखा, उद्देश्यों एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने आमजन को शासन की योजनाओं की जानकारी सरलता से उपलब्ध कराने वाले अच्छे बैनर तैयार करने वाले छात्र को प्रोत्साहन राशि वितरित कर सम्मानित किया और विद्यार्थियों को रचनात्मक कार्यों के लिए प्रोत्साहित किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार कुशवाह ने अतिथियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना एवं व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देना भी महाविद्यालय की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व जिला महामंत्री एवं वर्तमान विधानसभा जिला कड़कड़नी सदस्य रघुवीर सिंह राजपूत ने सेवा संकल्प अभियान के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा काल का उल्लेख करते हुए सेवा, समर्पण एवं राष्ट्र निर्माण के महत्व पर प्रकाश डाला तथा विद्यार्थियों से देश और समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत “मेरे सपनों का भारत—विकसित भारत” विषय पर पोस्टर एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भरता, तकनीकी प्रगति एवं सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में प्राचार्य राजेश कुमार कुशवाह, प्राध्यापक सविता राजवैध सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में प्राध्यापिका सविता राजवैध ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

