





नर्मदापुरम / द चैम्प्स फन स्कूल में आयोजित पब्लिक स्पीकिंग प्रतियोगिता के फाइनल राउंड एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी आत्मविश्वासपूर्ण अभिव्यक्ति, प्रभावशाली वाचन, स्पष्ट उच्चारण एवं उत्कृष्ट मंचीय प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती माया नारोलिया (राज्यसभा सांसद), सोमेश मिश्रा (कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी) नर्मदापुरम तथा अभिषेक राजन (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नर्मदापुरम) ने पुरस्कार वितरित किए।
मुख्य अतिथियों द्वारा प्रतियोगिता के प्रतिभावान नन्हे स्पीकर्स को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति ने विद्यार्थियों के लिए इस अवसर को और भी विशेष बना दिया।
प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को मंच पर अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने, आत्मविश्वास के साथ बोलने तथा अपनी अभिव्यक्ति एवं संचार कौशल को निखारने का अवसर मिला।
प्राचार्य डॉ. आशीष चटर्जी ने सभी प्रतिभागियों की मेहनत एवं उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि हर मंच पर बोलने का साहस ही भविष्य के आत्मविश्वासी व्यक्तित्व की नींव रखता है। विद्यालय सभी विद्यार्थियों को चैंपियन बनाने के लिए कार्यरत है।
सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने विद्यालय के बच्चों की प्रतिभा हेतु विद्यालय परिवार और शिक्षिकाओं को साधुवाद दिया। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने विद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए बच्चों को उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु बधाई दी। उन्होंने बच्चों को सभी प्रतियोगिताओं को बिना किसी दवाब के आनंद लेने का संदेश दिया। अभिभावकों को बच्चों के साथ संवेदनशीलता का व्यवहार करने को कहा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक राजन ने बच्चों को जीत हार से ज्यादा प्रतिभागिता करने को महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर श्रीमती डॉ. रुद्रिका मिश्रा, श्रीमती प्रियंका राजन, डायरेक्टर सुभाशीष चटर्जी, श्रीमती जूही चटर्जी, प्राचार्य श्रीमती मोना चटर्जी उपस्थित रहे।
समारोह का समापन विद्यार्थियों की उपलब्धियों का उत्सव मनाते हुए किया गया। द चैम्प्स फन स्कूल के लिए यह आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और उपलब्धियों का एक गौरवपूर्ण अवसर रहा।
कार्यक्रम सुश्री स्नेहा शर्मा के निर्देशन में प्रभारी सुश्री मनीषा तोमर एवं सुश्री ऋचा सोनी ने एडमिन स्टाफ सहित शिक्षिकाओं के सहयोग से सफल बनाया।

