
नर्मदापुरम / एन ई एस शिक्षा महाविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत आज विकसित भारत 2047 विषय पर चित्रकला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. ज्योत्सना खरे के मुख्य आतिथ्य एवं मार्गदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
छात्रों ने अपनी कल्पनाओं को कैनवास पर उतारते हुए पर्यावरण, भारतीय संस्कृति और शिक्षा के महत्व जैसे विषयों पर सुंदर चित्र बनाए।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. ज्योत्सना खरे ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ कला का विकास भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा “चित्रकला न केवल रचनात्मकता को बढ़ाती है बल्कि छात्रों में आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति की क्षमता भी विकसित करती है। “कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों की सराहना की गई और उत्कृष्ट चित्रों को पुरस्कृत करने की घोषणा भी की गई। डॉ. ज्योत्सना खरे एन ई एस शिक्षा महाविद्यालय की एक अनुभवी और प्रेरणादायी प्राचार्य हैं। उनके कुशल नेतृत्व में महाविद्यालय लगातार शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में नए आयाम स्थापित कर रहा है। वे हमेशा छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ कला, संस्कृति और सामाजिक कार्यों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती रहती हैं। इस आयोजन में महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

