
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा में आयोजित शिविर का शुभारंभ करते हुए न्यायाधीश अंजली अग्रवाल ने कहा कि हम सभी के लिए सबसे पहले अपना स्वास्थ्य ही महत्वपूर्ण है। हम स्वस्थ रहेंगे तभी सब ठीक रहेगा। हमें समय-समय पर अपने स्वास्थ्य का परीक्षण कराते रहना चाहिए, जिससे शरीर में होने वाली बीमारियों का पता चलता रहता है और समय पर उपचार कराया जा सकता है।
न्यायाधीश सरोज डेहरिया ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए स्वास्थ्य परीक्षण जरूरी है। परीक्षण के बाद ही ज्ञात हुई बीमारियों का सही उपचार संभव है।
एडीपीओ बी.एस. दांगी ने कहा कि स्वस्थ रहकर ही हम अपने कर्तव्यों का सही निर्वहन कर सकते हैं। अस्वस्थ मन से कुछ नहीं किया जा सकता।
बीएमओ डॉ. कांति बाथम ने कहा कि मानसिक तनाव को दूर करने के लिए स्वास्थ्य परीक्षण जरूरी होता है। शासन द्वारा समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर परीक्षण एवं दवाओं का वितरण किया जाता है। मानसिक तनाव होना स्वाभाविक है, इसलिए इसका समय पर परीक्षण होना चाहिए। डॉ. अंकित तिवारी ने खसरा, टीबी, जल जनित बीमारियों से बचाव की जानकारी दी।
शिविर में बीएमओ डॉ. कांति बाथम, डॉ. अंकित तिवारी, डॉ. गौरव पांडे एवं स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं, न्यायालयीन कर्मचारियों और न्यायालय में आने वाले पक्षकारों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाओं का वितरण किया। शिविर में कुल 37 लोगों के बीपी, शुगर आदि की जांच कर दवाएं दी गईं।

