
सिवनी मालवा / सिवनी मालवा / शहर की जीवनरेखा कहे जाने वाले मुख्य मार्ग पर यातायात जाम की समस्या दिन-ब-दिन विकराल रूप लेती जा रही हैं। सुबह के स्कूल के समय से लेकर देर शाम तक सड़कों पर गाड़ियों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। स्थिति यह है कि महज 10 मिनट की दूरी तय करने में लोगों को आधे घंटे का समय लग रहा है। यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाने से हर वर्ग त्रस्त हैं।
अवैध पार्किंग से बन रही जाम की स्थिति ….
स्थानीय निवासियों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर दुकानदारों द्वारा फुटपाथ पर किया गया अतिक्रमण और सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहन जाम का सबसे बड़ा कारण हैं। यातायात पुलिस की मौजूदगी के बावजूद वाहन चालक नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। रेवा काम्प्लेक्स के सामने बनी पार्किंग को सुचारू रूप से शुरू किया जाए। जहा दूकानों पर आने वाले वाहन चालक अपने वाहन खड़े कर सकें।
आपातकालीन सेवा प्रभावित…..
घंटों लगने वाले इस जाम में रोजाना एंबुलेंस और स्कूलों की गाड़ियां फंस रही हैं, जिससे मरीजों की जान पर बनी रहती हैं। स्कूलों के बच्चे को घर पहुचने में देरी होती हैं। कारोबार पर जाम की वजह से मुख्य बाजार में ग्राहकों का आना कम हो गया हैं। कुछ ही दूरी पर पार्किंग बनी हुई हैं लेकिन नगर पालिका सीएमओं व जनप्रतिनिधि इस ओर ध्यान नही दे रहें हैं। यही नही गाड़ियों के रेंगने और हार्न के शोर से ध्वनि व वायु प्रदूषण चरम पर हैं।
जनता में आक्रोश, ठोस कार्रवाई की मांग….
सड़क पर फंसे राहगीरों ने प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश जताया हैं। आमजन का कहना हैं कि समस्या से निजात पाने के लिए कई बार आवेदन, निवेदन भी किया जा चुका हैं, लेकिन कोई स्थाई हल नहीं निकाला गया। नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की हैं कि मुख्य मार्ग पर भारी वाहन, ट्रेक्टर ट्रालियों को बायपास से निकाला जाए। सड़क पर अवैध पार्किंग करने वालों पर भारी जुर्माना लगाया जाए और त्योहारों के समय में यातायात, पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाई जाए। नागरिकों का कहना हैं कि नगर पालिका सीएमओं, नपाध्यक्ष, पार्षदगण, स्थानीय प्रशासन, पुलिस के साथ मिलकर वैकल्पिक व्यवस्था बनाएं अन्यथा त्यौहार में हर दिन यातायात जाम होगा और आमजन होते रहेंगे परेशान। ऐसे में किसी दिन कोई बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।

