
सिवनी मालवा / नकुल मालवीय / सरकारी अस्पताल के सामने मंगलवार की रात में 2 मोटर साइकिल सवारों ने 1 व्यक्ति को चाकू अड़ाकर हुई लूट की वारदात को अंजाम दिया था। सिवनी मालवा पुलिस ने मामले की गम्भीरता को देखते हुए 12 घण्टे में लूट के दोनों आरोपियों को धरदबोचा। जिसके बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने बताया कि 15 सितंबर 2026 को फरियादी देवेंद्र कुमार जांगरे, पिता भूपेंद्र कुमार, उम्र 47 वर्ष, निवासी देवल मोहल्ला, सिवनी मालवा ने पुलिस को शिकायत की थी कि रात के समय सरकारी अस्पताल के सामने वाली गली में दो युवकों द्वारा उसके साथ लूट की गई तथा मोबाइल और पैसे छीन लिए गए।
शिकायत के आधार पर थाना सिवनी मालवा में अपराध क्रमांक 632/26 दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया। जिसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। लूट की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक साईकृष्ण थोटा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सिवनी मालवा महेंद्र सिंह चौहान के निर्देशन में दल गठित कर नगर निरीक्षक नवीन पांडेय के मार्गदर्शन में पुलिस दल ने घटना स्थल के आसपास लोगों से पूछताछ की और आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस कार्रवाई के दौरान अन्नू उर्फ आशीष कुचबंदिया पिता अशोक कुचबंदिया उम्र 22 साल और राजा कुचबंदिया पिता रामपाल कुचबंदिया उम्र 20 साल को धरदबोचा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, पैसे, घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल और चाकू जब्त किया हैं।
अन्नू के खिलाफ छह अपराध दर्ज हैं…
पुलिस ने बताया कि आरोपी अन्नू उर्फ आशीष पिता अशोक कुचबंदिया, उम्र 22 वर्ष, निवासी कुचबंदिया मोहल्ला, सिवनी मालवा के खिलाफ थाना सिवनी मालवा में पूर्व से छह अपराध दर्ज हैं। आदतन अपराधी हैं।
पुलिस दल में की कार्रवाई में नगर निरीक्षक नवीन पांडे, उप निरीक्षक नागेश कुमार वर्मा, सहायक उप निरीक्षक उमेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक प्रीतम बाबरिया, आरक्षक अभिषेक आठले की भूमिका रही।

