
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार सिवनी मालवा क्षेत्र में 17 सितंबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित होने वाले “संकल्प सेवा अभियान” के सुचारू संचालन एवं प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जनपद पंचायत सभागृह सिवनी मालवा में एक विस्तृत समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक में क्षेत्रीय विधायक श्री प्रेमशंकर वर्मा, जनपद अध्यक्ष श्रीमती रेणुका मृगेंद्र मंडलोई, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती प्रीति पवन शुक्ला, विधानसभा प्रभारी तथा अनुविभागीय अधिकारी सिवनी मालवा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ ही तहसीलदार, सीईओ जनपद, बीएमओ एवं सीडीपीओ सहित समस्त ब्लॉक स्तरीय अधिकारी भी शामिल हुए।
बैठक के दौरान अभियान के अंतर्गत निर्धारित 13 राज्यव्यापी प्रमुख गतिविधियों—जैसे आशीर्वाद का दिया, नमो सेवा गाथा (नुक्कड़-नाटक), सेवा चित्र (ड्राइंग/भाषण), आंगन का उत्सव, कहानी बदलाव की, विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, जल, जन और सेवा यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु (सरकार आपके द्वार), रंगोली राष्ट्र, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज एवं जनसेवक महाकुंभ पर गहन चर्चा की गई। इसके साथ ही नागरिकों को राहत पहुँचाने वाली 25 प्रमुख सेवा गतिविधियों, जिनमें रक्तदान शिविर, अनाथालय/वृद्धाश्रम भ्रमण, वृक्षारोपण अभियान, स्वच्छता ही सेवा, स्वास्थ्य जांच, योग एवं ध्यान सत्र, प्लास्टिक-मुक्त जागरूकता, महिला स्वच्छता, साइबर सुरक्षा जागरूकता, वोकल फॉर लोकल सहयोग, नशा-मुक्ति एवं सरकारी योजनाओं की जागरूकता शामिल हैं, को प्राथमिकता के आधार पर जन-जन तक पहुँचाने की रणनीति बनाई गई।
अभियान का भव्य शुभारंभ 17 सितंबर को “आशीर्वाद का दिया” दीपोत्सव कार्यक्रम के साथ किया जाएगा। प्रशासनिक स्तर पर सिवनी मालवा क्षेत्र के प्रसिद्ध आंवलीघाट एवं भिलाट देव सहित विभिन्न धार्मिक घाटों, नगरीय तथा ग्रामीण क्षेत्रों में दीपोत्सव के भव्य आयोजन किए जाएंगे। इसके साथ ही विधायक प्रेमशंकर वर्मा एवं अनुविभागीय अधिकारी सिवनी मालवा ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर दैनंदिन गतिविधियों को शासन के निर्देशानुसार पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से संपादित करने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र के समस्त आम नागरिकों से अपील की है कि वे प्रशासनिक आयोजनों के साथ-साथ स्वयं भी 17 सितंबर को आंवलीघाट, भिलाट देव मे आयोजित कार्यक्रम मे सेहभागी बने एवं अपने-अपने घरों भी के बाहर दीपक जलाकर इस दीपोत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और इस जन-अभियान को सफल बनाएं।

