सांसद, विधायक से लेकर अधिकारी तक लगाई गुहार लेकिन कुछ नहीं हुआ
अवैध रेत के डंपरों और वाहनों से हालत जर्जर
दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
शहर के समीपस्थ ग्राम नानपा कुल्हाड़ा मार्ग की हालत पिछले कई सालों से जर्जर है। लगभग 4 किलोमीटर का यह मार्ग ग्रामीणों के लिए जी का जंजाल बन गया है। इसको लेकर किसानों सहित अन्य संगठनों ने विधायक, सांसद, कमिश्नर, कलेक्टर प्रधानमंत्री सड़क योजना के अधिकारी, रोड विकास प्राधिकरण के अधिकारी सीएम हेल्पलाइन सहित सभी जगह गुहार लगा ली लेकिन किसी का ध्यान नहीं गया। अब इसको लेकर बुधवार से शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन शुरू किया गया । ग्रामीणों का कहना है कि गुरुवार को सड़क पर हुए गड्ढों में बैठकर धरना प्रदर्शन करेंगे । इसके बाद शुक्रवार को पैदल नर्मदा पुरम ज्ञापन देने रवाना होंगे। बताया जाता है कि यहां रेत के अवैध खनन के चलते वाहन की रेलमपेल रहती है लेकिन इस पर कोई रोक नहीं है। वहीं रोड उच्च गुणवत्ता से बनाई जाए और इसमें जलभराव ना हो। ग्रामीणों ने मांग की है कि कई सालों से ग्रामीण , किसान ,महिलाएं , बुजुर्ग, बच्चे इस समस्या से जूझ रहे हैं लेकिन फिर भी प्रशासन मौन धारण किए है। आज आंदोलन की शुरुआत में किसानों ने जमकर नारेबाजी की। कल रोड के गड्ढों में बैठकर ग्रामीण आंदोलन करेंगे। इसके बाद धरना स्थल से नर्मदापुरम तक पैदल मार्च किया जाएगा। यह प्रदर्शन नानपा ढाना, तहसील डोलरिया में शुरू हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि अब बहाने नहीं, पक्की सड़क चाहिए। ग्रामीणों का संघर्ष सड़क के अधिकार के लिए जारी रहेगा।

