बच्चों की लंबी आयु के लिए माताएं करती हैं पूजन
नकुल मालवीय सिवनी मालवा
मारवाड़ी समाज की महिलाओं ने मंगलवार को बच्छ बारस गोवत्स द्वादशी पर व्यास परिसर में गाय बछड़े की पूजा कर अपने बच्चों की लंबी आयु की कामना की। शहर में मारवाड़ी ब्राह्मण, अग्रवाल समाज की महिलाओं ने बच्छ बारस की पूजा की। मारवाड़ी महिलाओं ने बताया कि भादों मास कृष्ण पक्ष की बारस पर गाय – बछड़े की पूजा की जाती हैं तथा भैंस के गोबर का ओबडा बनाकर उसमें जल, दूध, दही डालकर पूजा होती हैं। माताएं अपने बच्चों की लंबी आयु के लिए यह पूजा करती हैं। पूजा उपरांत महिलाएं इस दिन ज्वार, बाजरा, मक्का, चना, मोट का ही भोजन करती हैं। गेहूं, चांवल और गाय के दूध का उपयोग नहीं किया जाता हैं, न ही चाकू, कैची का उपयोग किया जाता हैं। बेटे की मां ओबडे की पूजा कर बंसराज, हंसराज की कहानी कहती हैं। तत्पश्चात बेटे की मां अपने पुत्र को आवाज देकर बुलाती हैं। पुत्र गोबर से बने ओबडे को उंगली से चीरकर लड्डू उठाते हैं। मारवाड़ी महिलाओं में जानकी व्यास, प्रेमलता व्यास, चंदा शर्मा, कृष्णा व्यास, भावना पुरोहित, ज्योति व्यास, रचना शर्मा, पूजा अग्रवाल, ममता पुरोहित, रानी व्यास, कविता अग्रवाल, हेमा शर्मा, अंजू व्यास, वर्षा अग्रवाल, जया अग्रवाल, अंजली पुरोहित, सुप्रिया शर्मा आदि शामिल रहीं।

