
नर्मदापुरम / पुलिस अधीक्षक जिला साई कृष्णा एस. थोटा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) जितेंद्र पाठक के निर्देशन में निरीक्षक हेमंत निशोद के नेतृत्व में थाना कोतवाली नर्मदापुरम पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लिया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर तंत्र के आधार पर घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की गई तथा उनकी तलाश कर विधिवत गिरफ्तार किया गया।
दिनांक 21 अगस्त 2026 को नर्मदापुरम शहर के व्यस्त पिनेकल चौराहा क्षेत्र में कुछ युवको व्दारा टेलीफोन एक्सचेंज की ओर से सर्किट हाउस दिशा की ओर जाते हुए चलती मोटर साइकिल पर पटाखे रखकर सार्वजनिक मार्ग पर आतिशबाजी करते दिखाई दिए। उक्त खतरनाक कृत्य से सड़क पर चल रहे राहगीरों, दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों की जान को गंभीर खतरा उत्पन्न हुआ तथा यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति निर्मित हुई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के पश्चात पुलिस द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच प्रारंभ की गई। घटनास्थल एवं संभावित मार्गों के सीसीटीवी फुटेज का सूक्ष्म परीक्षण किया गया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर घटना में प्रयुक्त वाहन एवं आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की गई।
पुलिस टीम द्वारा आरोपीगण योघेश जाटव पिता पप्पू जाटव उम्र 20 साल नि. न्यास कालोनी, काली मंदिर नर्मदापुरम व गोतम केवट पिता गोकुल प्रसाद केवट उम्र 19 साल नि. आदमगढ, बंगाली कालोनी नर्मदापुरम को गिरफ्तार किया गया। घटना में प्रयुक्त वाहन को विधिवत जप्त कर लिया गया है तथा आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
नर्मदापुरम पुलिस आमजन, विशेषकर युवाओं से अपील की, कि सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि प्राप्त करने अथवा मनोरंजन के उद्देश्य से सार्वजनिक मार्गों पर इस प्रकार के खतरनाक कृत्य, स्टंट अथवा आतिशबाजी न करें। ऐसे कृत्य न केवल कानूनन दंडनीय हैं, बल्कि आमजन के जीवन एवं संपत्ति के लिए गंभीर खतरा भी उत्पन्न करते हैं। इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उक्त कार्यवाही में मुख्य भूमिका निरी. हेमंद निशोद, उनि वंशज श्रीवास्तव, प्र. आर अजमेश चंद्रोल, प्र. आर. रितेश यदुवंशी, आर. गजेंद्र डाढोरे, आर. संतोष धाकड की रही।

