घटना में प्रयुक्त वाहन भी जप्त
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस. थोटा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन एवं अनुविभागीय अधिकारी जितेंद्र पाठक के निर्देशन में निरीक्षक हेमंत निशोद के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लिया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर तंत्र के आधार पर घटना में शामिल आरोपियों की पहचान गिरफ्तार किया गया।
गौरतलब है कि 21 अगस्त को पिनेकल चौराहा क्षेत्र में कुछ युवकों व्दारा टेलीफोन एक्सचेंज की ओर से सर्किट हाउस दिशा की ओर जाते हुए चलती मोटर साइकिल पर पटाखे रखकर सार्वजनिक मार्ग पर आतिशबाजी करते दिखाई दिए। उक्त खतरनाक कृत्य से सड़क पर चल रहे राहगीरों, दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों की जान को गंभीर खतरा उत्पन्न हुआ तथा यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति निर्मित हुई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के पश्चात पुलिस द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच प्रारंभ की गई। घटनास्थल एवं संभावित मार्गों के सीसीटीवी फुटेज का सूक्ष्म परीक्षण किया गया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर घटना में प्रयुक्त वाहन एवं आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की गई। टीम ने आरोपीगण योगेश जाटव पिता पप्पू जाटव उम्र 20 साल नि. न्यास कालोनी, काली मंदिर व गोतम केवट पिता गोकुल प्रसाद केवट उम्र 19 साल नि. आदमगढ़, बंगाली कालोनी को गिरफ्तार किया गया। घटना में प्रयुक्त वाहन को विधिवत जप्त कर लिया गया है तथा आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। इसमें निरी हेमंद निशोद, उनि वंशज श्रीवास्तव,प्र.आर अजमेश चंद्रोल प्र.आर. रितेश यदुवंशी, आर. गजेंद्र डाढोरे, आर. संतोष धाकड़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

