
नर्मदापुरम / मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के अंतर्गत एमएसडब्ल्यू एवं बीएसडब्ल्यू के नवीन सत्र के छात्र-छात्राओं का प्रवेश उत्सव नर्मदा महाविद्यालय में उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद नर्मदापुरम की अध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव एवं संभाग समन्वयक कौशलेश प्रताप तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में आनंद कुमार नामदेव ने स्वागत भाषण दिया। मुख्य अतिथि श्रीमती नीतू यादव ने नवीन छात्र-छात्राओं को प्रवेश उत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज सेवा से जुड़े इस पाठ्यक्रम का अध्ययन कर विद्यार्थी समाज सेवा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करें। समाज के जिस भी क्षेत्र में सेवा कार्य करें, वह श्रेष्ठ और सकारात्मक हो, क्योंकि सकारात्मक सेवा ही राष्ट्र सेवा है। संभाग समन्वयक कौशलेश प्रताप तिवारी ने पाठ्यक्रम की विषय-वस्तु एवं उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि एमएसडब्ल्यू एवं बीएसडब्ल्यू जैसे पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को समाज सेवा के साथ रोजगार के नए अवसर भी प्रदान करते हैं। पाठ्यक्रम पूर्ण करने के बाद विद्यार्थी विभिन्न सामाजिक संस्थाओं एवं बड़े एनजीओ से जुड़कर समाज सेवा के साथ अपने रोजगार के अवसर भी विकसित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सच्ची समाज सेवा वही है, जिसमें आर्थिक लाभ की अपेक्षा किए बिना समाज के अधिक से अधिक लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास किया जाए। परामर्शदाता श्रीमती नेहा तिवारी ने छात्र-छात्राओं को पाठ्यक्रम की अध्ययन प्रक्रिया, विषयों एवं शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम में परामर्शदाता राजेश मालवीय, राजेंद्र कुशवाह, श्री समाजसेवी जराठे, सीताराम पांडे, उपसरपंच श्रवण निमोदा सहित एमएसडब्ल्यू एवं बीएसडब्ल्यू के नवीन छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन साहिल तिलोटिया ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन नरेंद्र पटेल द्वारा किया गया।

