रिजेक्ट की जाने वाली उपज की अनिवार्य रूप से हो वीडियो रिकॉर्डिंग
उपार्जन केंद्रों का अधिकारी करें भ्रमण
दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
शहर सहित जिले भर में मूंग उपार्जन के अंतिम दिनों में सभी उपार्जन केंद्रों का सघन किया जाए। यह बात कलेक्टर ने उपसंचालक कृषि एवं जिला विपणन अधिकारी से कही।उन्होंने कहा कि संवेदनशील उपार्जन केंद्रों पर अधिकारी स्वयं पहुंचकर तुलाई कार्य की निगरानी करें। किसी भी मूंग उपार्जन केंद्र से शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मूंग उपार्जन के दौरान किसी भी स्थिति में पुरानी मूंग की खपत न हो तथा किसी भी केंद्र पर नॉन एफएक्यू उपज की खरीदी नहीं की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसी कोई भी लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी, प्रबंधक अथवा अन्य व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उपार्जन केंद्रों पर बिल जनरेशन एवं तुलाई कार्य के लिए अलग-अलग ऑपरेटर नियुक्त किए जाएं। उपार्जन के अंतिम दिनों में जिला उपार्जन समिति सहित खंड स्तरीय उपार्जन समिति के सभी सदस्य सक्रिय रहकर उपार्जन केंद्रों की सतत निगरानी करें।कलेक्टर ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि उपार्जन के दौरान रिजेक्ट की जाने वाली उपज की साक्ष्य के रूप में अनिवार्य रूप से वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जाए। साथ ही रिजेक्ट उपज से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं अभिलेख भी सुरक्षित रखे जाएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उसकी तथ्यात्मक जांच की जा सके।

