


नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद की नवांकुर योजना अंतर्गत चयनित नवांकुर संस्था–जन सेवा शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक संस्था, सेक्टर क्रमांक 01 सिवनी मालवा एवं जीवा ज्योति हायर सेकेंडरी स्कूल, बानापुरा के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को “नवांकुर सखी–हरियाली यात्रा” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता के आधार पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, हरियाली को प्रोत्साहित करना तथा महिलाओं, छात्राओं एवं विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में महिलाओं, छात्राओं एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए “एक पौधा–एक संकल्प, स्वच्छ पर्यावरण हमारा लक्ष्य” का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। यात्रा के दौरान स्वच्छता, पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली के महत्व से संबंधित संदेशों के माध्यम से नागरिकों को जागरूक किया गया। नवांकुर सखी–हरियाली यात्रा का शुभारंभ जीवा ज्योति हायर सेकेंडरी स्कूल, बानापुरा से हुआ। यात्रा मुख्य मार्ग से होते हुए खेड़ापति मंदिर, बानापुरा पहुंची। यात्रा में शामिल महिलाओं, छात्राओं एवं विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान खेड़ापति मंदिर परिसर में सामूहिक शपथ एवं पौधारोपण किया गया। उपस्थित प्रतिभागियों ने स्वच्छ एवं हरित वातावरण निर्माण, पौधारोपण तथा पर्यावरण संरक्षण को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं समाजसेवी श्री मान संतोष पारीक ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से पर्यावरण संरक्षण के संदेश को घर-घर तक पहुंचाया जा सकता है।
“हर घर हरियाली, नया मध्यप्रदेश” की भावना के साथ अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण एवं स्वच्छता अभियान से जोड़ने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, छात्राओं एवं विद्यार्थियों की सहभागिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। प्रतिभागियों ने “महिलाएं सशक्त, छात्राएं संगठित, विद्यार्थी प्रतिबद्ध—आइए मिलकर बनाएं हरियाली युक्त भविष्य” के संदेश को सार्थक करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। आयोजन में वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष पारीक, जीवा ज्योति हायर स्कूल संचालक डॉ. प्रवीण पाणीकर, विकास खण्ड समन्वयक हरिदास दायमा, अंकुश गोयल, नगर विकास प्रस्फुटन समिति 02 से अध्यक्ष राहुल बाथव, रचना शर्मा, अनीता लोवंशी एवं अन्य नवांकुर सखियाँ, छात्राएं व शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं! कार्यक्रम के अंत में नवांकुर संस्था– अध्यक्ष गुलशन कुमार कावड़े द्वारा सभी सहभागी महिलाओं, छात्राओं, विद्यार्थियों एवं सहयोगी संस्था जीवा ज्योति हायर सेकेंडरी स्कूल, बानापुरा का आभार व्यक्त किया गया।

