दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
शहर में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे स्थानीय सतरस्ता के पास नगर पालिका द्वारा बनाए गए टप क्षेत्र में अचानक भीषण आग लग गई। टप में कपड़े और फोटोकॉपी की दुकानें संचालित हो रही हैं। आग की तेज लपटों और धुएं से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग तेजी से फैलने की आशंका को देखते हुए आसपास रखे अन्य टपों को सुरक्षित करने के लिए दमकल वाहन तत्काल मौके पर पहुंचा। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंच गया और सुरक्षा की दृष्टि से दोनों ओर का यातायात रोक दिया गया। आग की लपटें काफी तेज होने के कारण लोगों को घटनास्थल से दूर रखा गया।खास बात यह रही कि घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर पेट्रोल पंप भी स्थित है। ऐसे में आग को लेकर पुलिस और प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरती। दमकल कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाला, वहीं पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को घेरकर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा। सतर्कता और तत्परता के चलते आग को आसपास की दुकानों और पेट्रोल पंप की ओर फैलने से रोक लिया गया। देर रात तक पुलिस प्रशासन और दमकल की टीम मौके पर मौजूद रही तथा आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के बाद भी स्थिति पर नजर रखी गई। आग किस कारण से लगी, फिलहाल इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। आग से हुए नुकसान का आकलन भी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। जहां आग लगी है उसके 5 से 10 कदम पर ही पेट्रोल पंप है । नगर पालिका की दमकल और अन्य वाहन बुलाकर आग पर काबू पाया गया है। प्रशासन की सख्ती से बड़ा हादसा टल गया।

