


नर्मदापुरम / सिवनी मालवा/ प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी ‘श्री ज्ञानरत्न अकादमी’ में स्वतंत्रता दिवस समारोह अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नर्मदापुरम लोकसभा क्षेत्र के माननीय सांसद दर्शन सिंह चौधरी रहे। विशेष अतिथि के रूप में शाला प्रबंधन से राजेंद्र जैन एवं श्रीमती प्रतिभा जैन, संस्था की प्राचार्य श्रीमती रीना लुइस, पालकगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं हजारों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद दर्शन सिंह चौधरी द्वारा ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और शौर्य पर आधारित नृत्य-नाटिका रही, जिसने उपस्थित सभी लोगों में राष्ट्रभक्ति का जोश भर दिया।
अपने उद्बोधन में सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि _”हमारी प्राचीन शिक्षा पद्धति बहुत समृद्ध रही है। यदि हम अपनी शिक्षा पद्धति को सही दिशा में विकसित करेंगे तो हमारा राष्ट्र जरूर विकसित होगा और हम बहुत जल्द विश्व का नेतृत्व करेंगे।”_
उन्होंने बच्चों से आचरण सुधारने, कर्मठ बनने और एक अच्छे नागरिक बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर शाला की प्रधानाचार्य श्रीमती रीना लुइस ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
सम्पूर्ण कार्यक्रम देशभक्ति के नारों और तिरंगे की शान के साथ संपन्न हुआ।

