
नर्मदापुरम / शिवाजी नगर रसूलिया वार्ड क्रमांक 23 स्थित दुर्गा मंदिर में दुर्गा महिला मंडल एवं आसपास की महिलाओं द्वारा मिलकर 24 घंटे निरंतर रामसत्ता का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन बुधवार दोपहर 12:00 बजे से प्रारंभ होकर गुरुवार दोपहर 12:00 बजे तक अखंड रूप से संचालित हुआ।
पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का विशेष वातावरण बना रहा। महिलाओं ने पूरे उत्साह एवं समर्पण के साथ राम नाम का सतत स्मरण एवं कीर्तन किया, जिससे सावन माह की पावनता और भी अधिक प्रकट हुई।
इस आयोजन में महिला मंडल की प्रमुख श्रीमती राजेश्वरी साटन, श्रीमती राजकला बामलिया, श्रीमती सुनंदा तिवारी, श्रीमती यादव एवं श्रीमती बस्तवार का विशेष योगदान रहा। इसके अतिरिक्त पुरुष वर्ग में पंडित रोहित भार्गव, दिलीप यादव, श्री प्यासी, राजेश नागवंशी एवं नलिन पटेल का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा ।
समापन अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुजनों को प्रसादी का वितरण किया गया। इस धार्मिक आयोजन से पूरे रसूलिया क्षेत्र में भक्ति एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ तथा समाज में एकता एवं धार्मिक भावना को बल मिला।
स्थानीय नागरिकों ने इस सराहनीय पहल के लिए दुर्गा महिला मंडल की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

