बलराम कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों को दी सौगातें
नर्मदापुरम जिले का मोहासा बाबई औद्योगिक क्षेत्र प्रदेश के औद्योगिक विकास में गढ़ रहा नए आयाम
दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
राज्य स्तरीय बलराम कृषि महोत्सव को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नर्मदापुरम वह 11वाँ जिला है, जहाँ वे बलराम कृषि महोत्सव के माध्यम से किसानों से सीधे संवाद कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं, अभियानों एवं कृषि विकास संबंधी पहलों की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार किसानों की समृद्धि और आय वृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बताया कि सहकारिता विभाग की “कवच योजना” को अनुमोदित किया गया है। उन्होंने कहा बलराम महोत्सव के दौरान कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गर्मी की मूंग का 60 प्रतिशत उपार्जन किया जाएगा तथा उड़द पर भी बोनस प्रदान किया गया है। इसके साथ ही धान एवं सरसों को भी भावांतर योजना का लाभ दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब समय आ गया है कि किसान पारंपरिक खेती के साथ-साथ फसल विविधीकरण पर भी विशेष ध्यान दें।
नर्मदा पुरम के गेहूं की है पहचान
उन्होंने कहा नर्मदापुरम का शरबती गेहूं अपनी गुणवत्ता एवं स्वाद के कारण देशभर में विशेष पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि नर्मदापुरम में उच्च गुणवत्ता का धान, रेशम, बांस सहित अनेक कृषि उत्पाद जिले की विशिष्ट पहचान हैं। उन्होंने बताया कि श्री अन्न योजना के अंतर्गत अब कोदो-कुटकी की खरीदी भी की जाएगी। साथ ही मोहासा-बाबई क्षेत्र को प्रदेश के तेजी से विकसित होते औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है तथा लॉजिस्टिक सुविधाओं के विस्तार से किसानों को लाभ मिलेगा। पिपरिया एवं पचमढ़ी क्षेत्र के रहवासियों एवं किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए भी प्रभावी कदम उठाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्मदापुरम जिले में उद्यानिकी फसलों की अपार संभावनाएं हैं। आम, अमरूद, संतरा, केला, पपीता एवं अनार जैसी फसलों के बागानों के साथ शेडनेट हाउस एवं पॉलीहाउस को सरकार प्रोत्साहित कर रही है।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले कृषकों तथा मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कृषि को तथा मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिलेवासियों को आगामी स्वतंत्रता दिवस, रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह ने कहा की मध्य प्रदेश सरकार किसानों के अधिकारों के लिए सजग है। मध्य सरकार ने किसानों की हर मांगों के लिए तत्परता दिखाई और मूंग खरीदी को 25% से बढ़कर 60% कर दिया है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि किसानों की समृद्धि मध्य प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
किसानों के कल्याण के लिए उठा रहे प्रभावी कदम- विधायक शर्मा
बलराम कृषि महोत्सव के अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार किसानों के कल्याण और उनकी आर्थिक उन्नति के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं के माध्यम से किसानों को सशक्त बनाने और उनकी आय बढ़ाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि बलराम कृषि महोत्सव किसान शक्ति को सम्मान देने, आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने तथा शासन की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी किसानों तक पहुंचाने का एक सशक्त मंच है।
बलराम कृषि महोत्सव के दौरान सिवनी मालवा विधायक श्री प्रेम शंकर वर्मा, सोहागपुर विधायक श्री विजयपाल सिंह, पिपरिया विधायक श्री विधायक ठाकुरदास नागवंशी, प्रदेश अध्यक्ष किसान मोर्चा श्री जयपाल सिंह चावड़ा ने भी आयोजन के दौरान किसान बंधुओ से संवाद किया। इस दौरान नगर पालिका नर्मदापुरम अध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव, प्रदेश संयोजक सांस्कृतिक प्रकोष्ठ श्री कपिल यार्दे, जिला भाजपा अध्यक्ष श्रीमती प्रीति शुक्ला, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, एसपी श्री साई कृष्ण एस थोटा, जिला पंचायत सीईओ श्रीमंशु जैन सहित लगभग ,5 हजार से भी अधिक की संख्या में किसान बंधु, बहनों सहित एवं अन्य अधिकारी गण उपस्थित रहे।

