
सिवनी मालवा / मध्यप्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की शानदार जीत के बाद सिवनी मालवा में सोमवार को जश्न का माहौल रहा। कांग्रेस प्रत्याशी ने भाजपा के निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 6056 वोटों से पराजित किया। जीत की खबर मिलते ही शहर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष प्रवीण रघुवंशी और पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित के नेतृत्व में गांधी चौक पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए। यहां पटाखे फोड़कर आतिशबाजी की गई और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया गया। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस जिंदाबाद और जनता की जीत हुई है के नारे लगाए।जनता ने कांग्रेस की नीतियों पर भरोसा जताया इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष प्रवीण रघुवंशी ने कहा कि दतिया का यह परिणाम पूरे प्रदेश के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा, यह जीत सिर्फ दतिया की नहीं है, यह हर उस कार्यकर्ता की जीत है जिसने दिन-रात मेहनत की। जनता ने कांग्रेस की जनहितैषी नीतियों पर मोहर लगाई है।पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और किसानों के मुद्दों पर जनता ने कांग्रेस के साथ खड़े होने का फैसला किया है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि आने वाले समय में भी इसी एकजुटता के साथ पार्टी को मजबूत किया जाएगा।बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल जश्न में शहर और आसपास के गांवों से आए युवा और वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों की धुन पर कार्यकर्ता नाचते नजर आए। मिठाई वितरण के दौरान माहौल उत्सव जैसा रहा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह जीत संगठन की मजबूती और बूथ स्तर तक किए गए काम का परिणाम है। अब पार्टी इस जीत को आगे आने वाले स्थानीय निकाय चुनावों में भी तैयारी करेगी।

