दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
नर्मदापुर युवा मंडल द्वारा रविवार शाम नेहरू पार्क में आयोजित “सुरीला नर्मदापुरम” कार्यक्रम संगीत प्रेमियों के लिए यादगार बन गया। कार्यक्रम में शहर के 40 से अधिक स्थानीय संगीत कलाकारों ने अपनी मधुर एवं शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। देर शाम तक चले इस संगीतमय आयोजन में दर्शक सदाबहार गीतों की धुनों पर मंत्रमुग्ध होकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करते रहे। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने स्वर सम्राट मोहम्मद रफी, मुकेश सहित कई प्रसिद्ध गायकों के लोकप्रिय गीतों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। सुरीले गीतों से नेहरू पार्क का वातावरण पूरी तरह संगीत के रंग में रंग गया। पार्क में अपने परिवार के साथ पहुंचे नागरिकों ने भी मंच पर आकर अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिससे आयोजन और अधिक जीवंत एवं सहभागितापूर्ण बन गया।
नर्मदापुर युवा मंडल के मनीष परदेशी ने बताया कि “सुरीला नर्मदापुरम” का उद्देश्य स्थानीय संगीत प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना और उनके हुनर को नई पहचान दिलाना है। नर्मदापुर युवा मंडल के अध्यक्ष अखिलेश खंडेलवाल ने सभी कलाकारों का सम्मान कर उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन कमलसिंह राजपूत द्वारा किया गया। वहीं अंत में हरीश मांझी ने उपस्थित सभी कलाकारों, संगीत प्रेमियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर आयोजित करने की बात कही।

