
नर्मदापुरम / इटारसी / कहा जाता है कि यदि हौसले बुलंद हों तो कोई भी बाधा सपनों को रोक नहीं सकती। इसी सोच को साकार करते हुए सिद्धार्थ आर्य वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा स्केचिंग के क्षेत्र में रुचि रखने वाले एक प्रतिभाशाली युवा कलाकार को ड्रॉइंग बुक एवं स्केच पेंसिल भेंट कर उनकी कला को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
विशेष बात यह है कि एक हाथ के अभाव और दूसरे हाथ के सीमित सहयोग के बावजूद यह युवा कलाकार पूरे आत्मविश्वास और लगन के साथ सुंदर स्केच बनाते हैं। उनका जज़्बा इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा किसी शारीरिक सीमा की मोहताज नहीं होती, बल्कि दृढ़ संकल्प और निरंतर अभ्यास ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
इस अवसर पर युवा कलाकार ने एडवोकेट सिद्धार्थ आर्य का स्केच बनाना भी प्रारंभ किया। उनकी कला, एकाग्रता और समर्पण ने उपस्थित सभी लोगों को प्रभावित किया। फाउंडेशन द्वारा उन्हें यह सामग्री इस विश्वास के साथ भेंट की गई कि वे भविष्य में अपनी कला के माध्यम से एक नई पहचान स्थापित करेंगे।
फाउंडेशन के अध्यक्ष एडवोकेट सिद्धार्थ आर्य ने कहा कि समाज में अनेक ऐसे प्रतिभाशाली युवा हैं, जिन्हें केवल थोड़े से प्रोत्साहन और अवसर की आवश्यकता होती है। सिद्धार्थ आर्य वेलफेयर फाउंडेशन का उद्देश्य ऐसे हुनरमंद युवाओं का मनोबल बढ़ाना और उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करना है। फाउंडेशन भविष्य में भी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
हुनर हाथों का नहीं, हौसलों का मोहताज होता है।

