



नर्मदापुरम / पचमढ़ी/ मध्यप्रदेश के एकमात्र पर्वतीय पर्यटन स्थल पचमढ़ी में रविवार को आयोजित 8वीं पचमढ़ी मानसून मैराथन-2026 उत्साह, रोमांच और खेल भावना का अद्भुत संगम बन गई। मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग, जिला प्रशासन एवं एडवेंचर्स एंड यू के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतिष्ठित मैराथन में देश-विदेश के करीब 1800 धावकों ने भाग लेकर नया रिकॉर्ड बनाया। विशेष बात यह रही कि लगभग 4 वर्ष के मासूम बच्चे से लेकर 84 वर्ष के वरिष्ठ प्रतिभागी तक ने दौड़ में हिस्सा लेकर फिटनेस और स्वस्थ जीवन का प्रेरक संदेश दिया।
मैराथन का शुभारंभ नर्मदापुरम सांसद दर्शन सिंह चौधरी तथा मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव ने फ्लैग ऑफ कर किया। आयोजन में भारत के विभिन्न राज्यों के साथ स्वीडन, मंगोलिया, पेरू और अमेरिका से आए अंतरराष्ट्रीय धावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे पचमढ़ी की पहचान वैश्विक खेल एवं पर्यटन मानचित्र पर और सशक्त हुई।
प्रतियोगिता चार श्रेणियों—42 किलोमीटर फुल मैराथन, 21 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर रन और 5 किलोमीटर फन रन—में आयोजित की गई। सुबह 6 बजे से आयोजन की शुरुआत हुई। 42 किलोमीटर और 21 किलोमीटर वर्ग के धावकों ने क्रमशः सुबह 6:00 बजे एवं 6:45 बजे दौड़ प्रारंभ की, 10 किलोमीटर वर्ग की दौड़ 7:45 बजे तथा 5 किलोमीटर फन रन सुबह 8:00 बजे शुरू हुई। सबसे अधिक आकर्षण 42 किलोमीटर की फुल मैराथन का रहा, जिसमें धावकों ने सतपुड़ा की ऊंची-नीची पहाड़ियों और चुनौतीपूर्ण मार्गों पर अपनी शारीरिक क्षमता और मानसिक दृढ़ता का परिचय दिया।
मैराथन में धावकों ने ‘रन फ़ॉर टाइगर’ और ‘प्लास्टिक फ्री पचमढ़ी’ का संदेश भी दिया। प्रतिभागियों ने वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और सिंगल यूज़ प्लास्टिक से मुक्ति का संकल्प लेते हुए लोगों को प्रकृति के संरक्षण तथा स्वच्छ पर्यटन स्थलों के निर्माण के लिए जागरूक किया।
मानसून की रिमझिम बारिश, धुंध से आच्छादित पर्वत श्रृंखलाओं और हरियाली से भरपूर प्राकृतिक वातावरण ने प्रतिभागियों को अविस्मरणीय अनुभव प्रदान किया। धावकों ने कहा कि पचमढ़ी की वादियों में दौड़ना उनके लिए किसी रोमांचक साहसिक यात्रा से कम नहीं था।
सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को भी मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड और आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
मैराथन में मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की क्षेत्र संचालक राखी नंदा ने स्वयं 5 किलोमीटर दौड़ में भाग लेकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
हाल ही में आईटीबी बर्लिन-2026 में ग्रीन डेस्टिनेशन ब्रॉन्ज अवॉर्ड से सम्मानित पचमढ़ी ने इस आयोजन के माध्यम से सतत पर्यटन, एडवेंचर टूरिज्म, फिट इंडिया अभियान, रन फ़ॉर टाइगर और प्लास्टिक फ्री अभियान का प्रभावी संदेश दिया। प्रतिभागियों ने आयोजन की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं, सुरक्षा, मेडिकल सहायता, हाइड्रेशन पॉइंट्स और समुचित प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन पचमढ़ी को देश के प्रमुख मानसून पर्यटन एवं एडवेंचर स्पोर्ट्स गंतव्यों में नई पहचान दिला रहे हैं।
आयोजन समिति एवं एडवेंचर्स एंड यू के डायरेक्टर मितेश रामिया के नेतृत्व में प्रतिभागियों की सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पूरे मार्ग पर मेडिकल टीम, एम्बुलेंस, हाइड्रेशन पॉइंट्स और गाइडेंस सिस्टम की प्रभावी व्यवस्था रही, जिससे सभी प्रतिभागियों को सुरक्षित एवं यादगार अनुभव प्राप्त हुआ। आयोजन के दौरान आर एम सक्सेना,अनिल राय,मध्यप्रदेश पर्यटन से अवनीश यादव, मनोज सिंह ठाकुर, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व से संजीव शर्मा, पार्षद संजय लेडवानी, होटल संचालक आनंद धूत, दशमेश खालसा एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

