
इटारसी / बारिश के मौसम में जहरीले जीव-जंतुओं के निकलने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इसी क्रम में सोमवार को इटारसी स्थित सीपीई परिसर के केंद्रीय विद्यालय में एक बेबी कोबरा दिखाई देने से स्कूल परिसर में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही विद्यालय के शिक्षक अभिषेक ने तुरंत सर्पमित्र हर्ष प्रजापति को फोन कर सहायता मांगी।
सूचना मिलते ही सर्पमित्र हर्ष प्रजापति अपने साथी अमन प्रजापति के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर बेबी कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद सांप को प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ने की प्रक्रिया अपनाई गई।
सर्पमित्र हर्ष प्रजापति ने बताया कि बारिश के मौसम में सांप भोजन और सुरक्षित स्थान की तलाश में रिहायशी इलाकों, स्कूलों और संस्थानों तक पहुंच जाते हैं। ऐसे में किसी भी सांप को देखकर घबराएं नहीं और न ही उसे मारने का प्रयास करें, बल्कि तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें।
हर्ष प्रजापति ने बताया कि उनके गुरु एवं वन अभिरक्षक अभिजीत यादव के मार्गदर्शन में लगातार वन्यजीव संरक्षण एवं सर्प रेस्क्यू का कार्य किया जा रहा है। उनका उद्देश्य लोगों में जागरूकता फैलाना और वन्यजीवों का सुरक्षित संरक्षण करना है।
विशेषज्ञों के अनुसार, सांप वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के अंतर्गत संरक्षित जीव हैं। इन्हें नुकसान पहुंचाना दंडनीय अपराध है। इसलिए किसी भी वन्यजीव के दिखने पर विशेषज्ञों की सहायता लेना ही सबसे सुरक्षित और सही कदम है।

