राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ ने कहा – खाद के लिए बने किसान खाद वितरण कार्ड
भारतीय किसान यूनियन ने कहा जल्द हो मूंग का भुगतान
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदा पुरम।
शहर में गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित रेवा कक्ष में किसान संगठनों और जिला प्रशासन के अधिकारियों के बीच बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ , भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद थे । सभी ने ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्या बताई। अधिकारियों ने सभी विषयों पर चर्चा की और प्रशासन और संघ के बीच कई हल निकले।
इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने वर्तमान में यूरिया और डीएपी खाद नहीं मिलने की समस्या बताई , वहीं मूंग का भुगतान शीघ्र करने की बात कहीं। राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के जिला अध्यक्ष शिवराज राजोरिया ने कहा कि किसान खाद वितरण कार्ड बनाया जाए जिससे प्रत्येक किसान को खाद मिले । वहीं प्रदेश मंत्री रमाकांत मीणा ने मूंग का भुगतान जल्द करने की मांग की। वहीं सोसाइटियों से नगद भुगतान की भी बात संगठनों में रखी। भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष पटवारे ने भी खाद की समस्या हल करने की बात कही। इस पर अधिकारियों ने मूंग भुगतान पर 8 से 10 दिन का समय देने की बात कही है। । संघों ने कहा कि खाद वितरण के लिए जिला विपणन संघ गोदामों पर भारी संख्या में किसानों के पहुंचने से अनेक अव्यवस्थाएं हो रही है। तहसील स्तर पर खाद उपलब्ध कराया जाए। फसल खराब होने पर मुआवजा और बीमा क्षतिपूर्ति राशि का भुगतान , फसल बीमा के लिए क्षतिपूर्ति के आंकलन का सैटेलाइट सर्वे को बंद करने, मेंटनेंस का कार्य , खेतों में जाने वाले रास्तों को ठीक करने, बनखेड़ी कृषि उपज मण्डी में खाद वितरण, सड़कों पर बड़ी संख्या में मवेशी आदि समस्या बताई। राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ ने जिले में पैदा होने वाली पूसा बासमती धान को जीआई टेग दिलाने के लिए जिला प्रशासन के पास प्रस्ताव रखा । वहीं खाद वितरण सहकारी समितियों के माध्यम से कराया जाने की बात कही। सभी डबल लाक केन्द्रों पर लघु सीमांत किसानों को अलग काउंटर खोलकर खाद आवंटन बगैर टोकन की व्यवस्था की जाए। इस मौके पर सभी संघों के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद थे।

