

नर्मदापुरम / विजयादशमी के पावन अवसर पर सिवनी मालवा और शिवपुर पुलिस थानों में शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया। इस दौरान मां दुर्गा की आरती के पश्चात विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ शस्त्रों की पूजा-अर्चना की गई। पुलिसकर्मियों ने सुख-समृद्धि, शांति और क्षेत्र की सुरक्षा की कामना की।
सिवनी मालवा थाने में एसडीओपी महेंद्र सिंह चौहान एवं थाना प्रभारी नवीन पांडेय के नेतृत्व में शस्त्र पूजन संपन्न हुआ। वहीं शिवपुर थाने में थाना प्रभारी केएन रजक की उपस्थिति में पूजा-अर्चना की गई। शिवपुर थाने में सुबह 11 बजे प्रारंभ हुआ पूजन कार्यक्रम पंडितों के मंत्रोच्चार के साथ करीब दो घंटे तक चला।
इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष संतोष पारिख, विधानसभा प्रभारी रघुवीर राजपूत, नगरपालिका उपाध्यक्ष प्रतिनिधि शैलेंद्र गौर, सेवा भारती नगर अध्यक्ष राजा तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विजयादशमी के अवसर पर आयोजित इस पूजन कार्यक्रम में परंपरा के अनुसार शस्त्रों का पूजन कर शांति और सुरक्षा के प्रति संकल्प व्यक्त किया गया।

