
नर्मदापुरम / यात्रियों की समस्याओं को सुनने, उनके सुझाव प्राप्त करने तथा रेल सेवाओं एवं यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार के उद्देश्य से पश्चिम मध्य रेल, भोपाल मंडल के द्वारा 22 अक्टूबर 2026 को विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर ‘रेल जनसंवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान रेल अधिकारियों ने यात्रियों, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं एवं सुझावों की जानकारी प्राप्त की। इसी तारतभ्य में पश्चिम मध्य रेलवे भोपाल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के द्वारा नर्मदापुरम रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से सीधे संवाद किया गया। उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना। उन्होंने यात्रियों से स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षा, पेयजल, प्रतीक्षालय तथा अन्य यात्री सेवाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया।कार्यक्रम के दौरान यात्रियों को रेलवे द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, स्टेशन विकास एवं पुनर्विकास कार्यों, स्वच्छता, सुरक्षा तथा यात्री हित से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी दी गई। यात्रियों से प्राप्त सुझावों एवं फीडबैक के माध्यम से यात्री सुविधाओं में सुधार तथा रेल सेवाओं को अधिक सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया गया।

