शिक्षक समाज की आत्मा और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं: सीताशरण शर्मा
शिक्षा केवल जानकारी नहीं, मूल्यों और संस्कारों का संवहन है: डॉ. मनीष वर्मा
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
रवीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय द्वारा नर्मदापुरम् जिले के लगभग 250 शिक्षकों को वनमाली गुरु गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। यह आयोजन शिक्षकों के समर्पण और शिक्षा क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को मान्यता देने के उद्देश्य से किया गया है। यह कार्यक्रम कौशल श्री विकास समिति के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नर्मदापुरम् के विधायक सीताशरण शर्मा डॉ. मनीष वर्मा , संयुक्त संचालक नर्मदापुरम, ज्योति प्रहलादी, जिला शिक्षा अधिकारी , श्रीमती नीतू महेंद्र यादव, नगर पालिका अध्यक्ष, डॉ संजीव कुमार गुप्ता कुलपति आरएनटीयू, डॉ अतुल सेठा , समाजसेवी डॉ अनिल तिवारी, डीन एडमिशन, आरएनटीयू विष्णु गुप्ता उपस्थित रहे। इस मौके पर शासकीय हाई स्कूल रैसलपुर की प्राचार्य श्रीमती सरिता पाल और शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला नर्मदा पुरम की शिक्षिका छाया फौजदार को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विधायक सीताशरण शर्मा ने कहा कि शिक्षक समाज की आत्मा होते हैं। वे केवल ज्ञान ही नहीं देते बल्कि जीवन को सही दिशा भी दिखाते हैं। उनके मार्गदर्शन से विद्यार्थी अच्छे नागरिक और जिम्मेदार इंसान बनते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का परिश्रम और त्याग ही राष्ट्र की प्रगति की नींव है। ऐसे सम्मान कार्यक्रम शिक्षकों को नई प्रेरणा और ऊर्जा प्रदान करते हैं। डॉ. संजीव गुप्ता ने सभी अतिथियों और शिक्षकों का स्वागत करते हुए कहा कि आरएनटीयू सदैव शिक्षकों के योगदान को सराहता है। यह सम्मान कार्यक्रम उनके प्रति आभार प्रकट करने का एक छोटा सा प्रयास है। डॉ. मनीष वर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य चरित्र निर्माण और मूल्यों की स्थापना है। ऐसे शिक्षक ही विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने की सही राह दिखाते हैं। श्रीमती नीतू महेंद्र यादव ने कहा कि शिक्षक ही विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की भावना का संचार करते हैं। ऐसे आयोजन उनके योगदान को समाज के सामने लाने का सशक्त माध्यम हैं। सुश्री ज्योति प्रहलादी ने कहा कि हमारी पहली गुरु हमारी मां होती हैं, उसके बाद शिक्षक ही हमें जीवन का मार्ग दिखाते हैं और गढ़ते हैं।सतीश बिल्लौरे ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में नर्मदापुरम् जिले के सभी सात विकासखण्डों – नर्मदापुरम्, केसला, सिवनी मालवा, बाबई, सोहागपुर, पिपरिया और बनखेडी से आए शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

