दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
शहर सहित जिले भर में बस ड्राइवरों द्वारा जगह जगह यात्री उतारने और बैठाने तथा बीच शहर में तीव्र गति से बस चलाने की शिकायत विधायक विजयपाल ने पुलिस महानिरीक्षक से पत्र लेकर की है। उन्होंने बस ड्राइवर द्वारा की जा रही लापरवाही को लेकर यातायात पुलिस बल तैनात करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि म.प्र.परिवहन द्वारा संचालित सभी बसों के ड्राइवर शहरों में जगह जगह यात्रियों को बैठाते है और उतारते हैं। खासकर नर्मदापुरम नगर में यह विशेष तौर पर देखा जा रहा है कि यात्री बसों की स्पीड इतनी अधिक होती है कि आम नागरिकों का सड़कों पर चलना मुश्किल हो रहा है । लगातार नगर में सड़क दुर्घटनाएं बसों द्वारा हो रही है क्योंकि बस ड्राइवर समय मिलाने के चक्कर में अधिक रफ्तार से निकलते है और जगह जगह यात्रियों को उतारते और चढ़ाते हैं जिससे पीछे से आने वाले नागरिक दुर्घटनाग्रस्त होते है। इस व्यवस्था में यातायात पुलिस का कोई नियंत्रण नहीं है जबकि हर चौक चौराहे पर यातायात पुलिस की ड्यूटी के लिये बल तैनात रहता है परन्तु यातायात पुलिसकर्मी भी चौक चौराहे पर नहीं रहते हैं । इस कारण बस ड्राइवर बस स्टैंड से निकलकर शहरों में जगह जगह बस रोकते हैं जबकि यात्रियों को बैठाने एवं उतारने के लिये बस स्टैंड होते हैं। विधायक ने कहा कि एक ही स्थान पर यात्रियों को उतारना एवं बैठाना चाहिये। बस ड्राइवर एवं संचालक अपनी मन मर्जी चलाकर जगह जगह गाड़ी रोकते है और अपराध को बढावा देते हैं। उन्होंने कहा कि सभी बसों के ड्राइवर एवं बस मालिकों को आवश्यक रूप से निर्देशित किया जाए। चौक चौराहे पर यातायात पुलिस बल आवश्यक रूप से तैनात किया जाये । इसके लिए अनाउंस कराया जाए यदि इसके बाद नहीं मानते तो उनकी बसों के परमिट निरस्त करने हेतु कार्यवाही की जाए।

