5 हजार चालकों की हुई चेकिंग, 5.47 लाख का वसूला जुर्माना
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदा पुरम।
जिले में विशेष हेलमेट अभियान संचालित किया जा रहा है। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों का लगभग 54 प्रतिशत हिस्सा दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं से संबंधित होता है, इन मृतकों में लगभग 80 प्रतिशत मृतक हेलमेट नहीं पहने होते हैं। पुलिस द्वारा 26 अप्रैल से विशेष हेलमेट अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक साईंकृष्ण एस. थोटा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के निर्देशन में जिले के सभी 16 थाना क्षेत्रों एवं यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से यह अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। अब तक 5 हजार से अधिक दोपहिया वाहनों की सघन जांच की गई, जिनमें 1828 वाहन चालक बिना हेलमेट के पाए गए। इन सभी के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 5.47 लाख का जुर्माना वसूला गया।
चल रहा व्यापक जन जागरूकता अभियान
अब तक जिले भर में 192 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर 6151 से अधिक नागरिकों को हेलमेट पहनने के महत्व, सही तरीके से उपयोग तथा गुणवत्तापूर्ण हेलमेट के चयन के बारे में समझाइश दी गई है। साथ ही शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं जैसे राहवीर योजना और कैशलेश उपचार योजना की जानकारी दी गई है। हेलमेट न पहनने वाले सभी 1828 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। दुबारा बिना हेलमेट पकड़े जाने पर बिना हेलमेट के साथ बिना लाइसेंस की कार्यवाही भी की जा सके
उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री संतोष मिश्रा ने बताया कि जांच के दौरान बहुत से चालक हेलमेट पहनते हैं, पर चिन स्ट्रैप नहीं बांधते या फेस शील्ड का उपयोग नहीं करते। ऐसे चालकों को हेलमेट सही तरीके से उपयोग के बारे में जागरूक किया जा रहा है। इस अभियान में हमारा प्रयास है कि यह अभियान सिर्फ शासकीय अभियान न हो बल्कि जनता भी भागीदार हो तभी यह अभियान पूर्णतः सफल हो सकेगा उन्होंने बताया कि शहर के सभी 16 थाने एवं यातायात पुलिस प्रतिदिन अलग-अलग स्थानों और समय पर सघन चेकिंग कर रही है। यह विशेष हेलमेट अभियान 10 मई तक निरंतर जारी रहेगा।

