नर्मदापुरम / शासकीय गृहविज्ञान स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय में सत्र 2026-27 के तहत कालेज चलो अभियान की प्रक्रिया जारी है। इस कार्यक्रम हेतु महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया के सफल संचालन हेतु विभिन्न दलों का गठन किया जा चुका है। विभिन्न गठित दल प्रभारी मार्गदर्शन, प्रवेश प्रक्रिया का क्रियान्वयन एवं डाटा कलेक्शन कर रहे है। इस अवसर पर शासन की मंशानुसार महाविद्यालयों में प्रवेश सहायता केन्द्र स्थापित किया गया। महाविद्यालय में एनसीसी, एनएसएस केडेट्स के सहयोग से आसपास के गांवों में ड्राउआउट विद्यार्थियों को प्रवेश हेतु प्रेरित किया जा रहा है। छात्राओं की सहायता हेतु महाविद्यालय में एक काउंसलिंग टीम गठित की गई है। ईप्रवेश के हेल्पलाईन नंबर तथा टोल फ्री नंबर का व्यापक प्रचार प्रसार किया जा रहा है ताकि आवश्यकता पड़ने पर विद्यार्थी को मार्गदर्शन प्राप्त हो सके।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रीमती कामिनी जैन ने कहा कि महाविद्यालय पढ़ती नारी बढ़ता राष्ट्र की थीम पर कार्य करता है। गठित दलों के माध्यम से हम छात्राओं का मार्गदर्शन कर रहे है। एनसीसी, एनएसएस केडेट्स के माध्यम से घर घर संपर्क अभियान भी किया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि कोई भी विद्यार्थी शिक्षा से वंचित न रहे। शिक्षा समाज की मजबूत धुरी है। शिक्षा युवा शक्ति को परिस्कृत करती है, सहयोग की भावना एवं नैतिक गुणों को विकसित करती है। वाक इन इन्टरव्यू के माध्यम से जिले के विद्यार्थियों को संकाय परिवर्तन कर अपनी रूचि अनुसार विषय में प्रवेश हेतु सहायता की जा रही है। कालेज चलो अभियान की प्रभारी डॉ. रश्मि श्रीवास्तव ने बताया कि दल प्रभारी के सहयोग से प्रतिदिन प्रवेश की प्रगति पर चर्चा की जा रही है। हमारी टीम का प्रयास है कि ड्राप आउट विद्यार्थी की संख्या जिले में कम से कम हो। हम 100 प्रतिशत विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़े रखना चाहते है। जिससे हर छात्र कॉलेज तक की संकल्पना सार्थक हो सके।

