50 हजार का सागौन जप्त
पूर्व जनपद सदस्य के नाम पर दर्ज वाहन
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
क्षेत्र संचालक और उपसंचालक सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के निर्देशानुसार वन अपराधों पर अंकुश लगाने हेतु वन परिक्षेत्र बागड़ा बफर एवं वन परिक्षेत्र कामती के कर्मचारियों के द्वारा होली पर्व के मद्देनजर सामूहिक गश्ती एवं सर्चिग कार्य सघन रूप से किया जा ररहाहै। इसी के चलते 1 मार्च को ढाबा से सेमरी हरचंद मार्ग पर वन ग्राम खापा के पास 1 महिन्द्रा पिकअप वाहन को जांच करने के लिए रोका गया। जिससे वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन को छोड़कर भाग गया । उक्त वाहन की जांच करने पर पाया गया कि वाहन में अवैध रूप से 17 नग सागौन लड्डे रखे हुये थे। पिकअप वाहन को जप्त कर गांव के ही एक ट्रेक्टर से टोचन कर वनरक्षक निवास खापा केम्प लाया गया जहां प्रकरण तैयार कर वाहन को राजसात करने हेतु कार्यवाही की जा रही है। प्रारंभिक जांच में उक्त वाहन ग्राम मगरिया से सागौन लड्डे लेकर आना पाया गया, जो सामान्य वनमंडल के अंतर्गत आता है। जप्त महिन्द्रा पिकअप वाहन क्रमांक MP05G6388 पूर्व जनपद सदस्य रामस्वरूप धुर्वे निवासी मगरिया के नाम पर दर्ज है। जप्त वाहन में पाये गये 17 नग सागौन लड्डों का अनुमानित बाजार मूल्य 50 हजार रूपये आंका गया है। उक्त जप्ती की कार्यवाही में लक्ष्मीप्रसाद नागवंशी, नरपत सिंह अलावा कार्यवाहक वनपाल, शैलेन्द्र रघुवंशी, ललित सूर्यवंशी, रवि चन्द्रवंशी, हेमंत शाह धुर्वे वनरक्षक द्वारा विशेष भूमिका निभाई गई है।
इनका कहना है
त्योहारों के समय अपराधिक प्रवृत्तियां ज्यादा होने लगती हैं। इसके चलते एक अभियान चलाया जा रहा है। इसके चलते पिकअप में सागौन के लठ्ठे जप्त किए गए। आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।
विलास डोंगरे
रेंजर बागड़ा बफर जोन

