

नर्मदापुरम / देश की पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न श्रीमती इंदिरा गांधी की 42वीं पुण्यतिथि तथा देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर को सुबह 11:30 बजे इटारसी स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में मनाई जाएगी। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय की उपस्थिति में कांग्रेस कार्यकर्ता दोनों महान नेताओं के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे तथा उनके राष्ट्र के प्रति योगदान का स्मरण करेंगे।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय सहित, जिला ब्लॉक, नगर कांग्रेस कांग्रेस संगठन के अंतर्गत आने वाले समस्त प्रकोष्ठ एवं विभाग के कांग्रेस पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।
इंदिरा गांधी के योगदान को किया जाएगा याद…..
श्रीमती इंदिरा गांधी को याद करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने कहा कि इंदिरा गांधी का जीवन देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने अपने दृढ़ नेतृत्व और साहसिक निर्णयों से भारतीय राजनीति में अमिट छाप छोड़ी। देश की एकता और अखंडता के लिए उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा। उनके विचार और राष्ट्र के प्रति समर्पण कांग्रेसजनों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेंगे।
सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को किया जाएगा नमन….
जिला कांग्रेस संगठन महासचिव वरिष्ठ अधिवक्ता हरिनारायण थापक ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल जी का जीवन देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय एकीकरण के लिए समर्पित रहा। स्वतंत्रता के बाद विभिन्न रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर मजबूत भारत के निर्माण में उनका योगदान ऐतिहासिक है। उनका दृढ़ संकल्प, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव याद किया जाएगा। उनके आदर्श आज भी देश को एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश देते हैं।
स्थानीय मुद्दों पर कांग्रेस पदाधिकारी करेंगे रायशुमारी….
श्रद्धांजलि एवं जयंती कार्यक्रम के पश्चात इटारसी शहर के विभिन्न स्थानीय जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेसजन आपस में चर्चा करेंगे और रायशुमारी करेंगे। इस दौरान शहर की प्रमुख समस्याओं, आम नागरिकों की परेशानियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, किसानों एवं मजदूरों से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श कर जनहित में आगे की रणनीति तय करने पर चर्चा की जाएगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने सभी कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में उपस्थित होकर दोनों महान नेताओं को श्रद्धासुमन अर्पित करने तथा स्थानीय मुद्दों पर होने वाली चर्चा में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की है। यह जानकारी जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार द्वारा दी गई है।

