






नर्मदापुरम / द चैम्प्स फन स्कूल एवं स्प्रिंगडेल्स सीनियर सेकेंण्डरी स्कूल के विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर देश, प्रदेश और विद्यालय का मान बढ़ाया है। इन उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए विद्यालय परिवार द्वारा तीनों प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का अभिनंदन कर उनकी सफलता पर हर्ष व्यक्त किया गया। द चैम्प्स फन स्कूल की पूर्व छात्रा हर्षिता तोमर ने सेलिंग में कांस्य पदक जीतकर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं आध्या तिवारी ने सॉफ्ट टेनिस में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। इसी क्रम में यश बाथरे ने पेंटाथलॉन खेलों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तीनों खिलाड़ियों की उपलब्धियाँ उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास का प्रतिफल हैं।
प्राचार्य श्रीमती मोना चटर्जी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा, “हमारे पूर्व विद्यार्थियों की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियाँ पूरे विद्यालय परिवार के लिए अपार गर्व और प्रसन्नता का विषय हैं। हर्षिता, आध्या और यश ने यह सिद्ध किया है कि दृढ़ संकल्प, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के साथ किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उनकी सफलता हमारे वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। हमें विश्वास है कि इन खिलाड़ियों की उपलब्धियों से विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और वे भी अपने सपनों को साकार करने के लिए पूरे उत्साह एवं समर्पण के साथ प्रयास करेंगे। इन प्रतिभाओं की सफलता विद्यालय की उस शैक्षिक सोच को भी सार्थक करती है, जिसमें विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनकी विशिष्ट प्रतिभाओं को निखारने पर विशेष बल दिया जाता है।”
डायरेक्टर डॉ. आशीष चटर्जी ने तीनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त करना किसी भी खिलाड़ी के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। इस यात्रा में उनके संघर्ष और परिश्रम का हम सम्मान करते हैं। हमें गर्व है कि हर्षिता, आध्या और यश ने अपनी प्रतिभा एवं मेहनत से विद्यालय का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धियाँ यह संदेश देती हैं कि सही मार्गदर्शन, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति से सफलता के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं। विद्यालय सदैव विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें अपनी क्षमताओं को पहचानकर आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। विद्यालय परिवार ने तीनों पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, निरंतर प्रगति और आने वाली प्रतियोगिताओं में नई सफलताओं के लिए शुभकामनाएँ दीं। विद्यालय का मानना है कि विद्यार्थियों की उपलब्धियाँ केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे देश और उनसे जुड़े संस्थान के लिए सम्मान और प्रेरणा का विषय होती हैं।
अपने उद्बोधन में हर्षिता एवं आध्या ने विद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार के मार्गदर्शन प्रदान करने हेतु आश्वासन दिया।
इस अवसर पर उनके पिता देवेंद्र सिंह तोमर, दीपक तिवारी एवं कमलेश बाथरे का सम्मान भी शाला परिवार द्वारा किया गया।
यश बाथरे 10 नवंबर से कुवैत में होने वाली अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप के प्रशिक्षण कैंप में होने के कारण उनका सम्मान उनके पिता ने ग्रहण किया।

