विधानसभा में ट्रेन चलाने का संकल्प पारित
इटारसी से भोपाल के बीच काम करने जाते हैं हजारों लोग
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदा पुरम
राजधानी और नर्मदापुरम संभाग के बीच प्रतिदिन संघर्षपूर्ण सफर करने वाले हजारों “अप-डाउनर्स” के लिए आखिरकार खुशियों भरी खबर आई है। विधानसभा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए भोपाल-इटारसी के बीच मेमू ट्रेन चलाने का संकल्प सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया है। विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा की पहल लाई रंग लाई है। इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव को विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने सदन के पटल पर रखा। उन्होंने दैनिक यात्रियों की पीड़ा और ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ का मुद्दा पुरजोर तरीके से उठाया। पक्ष और विपक्ष दोनों ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इस जनहितैषी संकल्प को अपनी मंजूरी दी।
छात्र, व्यापारी और कर्मचारी करते हैं आना-जाना
इटारसी, नर्मदापुरम, और मंडीदीप जैसे क्षेत्रों से रोजाना हजारों की संख्या में कर्मचारी, छात्र और व्यापारी भोपाल आते हैं। वर्तमान में एक्सप्रेस ट्रेनों में भीड़ और पैसेंजर ट्रेनों की कमी के कारण यात्रियों को भारी असुविधा होती थी। मेमू ट्रेनें अपनी गति और त्वरित स्टॉपेज के लिए जानी जाती हैं। बस के महंगे सफर से मुक्ति मिलेगी और मासिक पास धारकों को सीधा लाभ होगा। मंडीदीप और मिसरोद के औद्योगिक क्लस्टर में काम करने वाले श्रमिकों के लिए यह ‘लाइफलाइन’ साबित होगी। यह केवल एक ट्रेन नहीं, बल्कि उन हजारों परिवारों के लिए राहत की खबर है जिनके सदस्य हर दिन रोजी-रोटी के लिए असुरक्षित और थका देने वाला सफर तय करते हैं। विधानसभा से संकल्प पारित होने के बाद, अब राज्य सरकार इस प्रस्ताव को रेल मंत्रालय को भेजेगी। उम्मीद जताई जा रही है कि रेलवे बोर्ड जल्द ही रैक आवंटन और समय-सारणी पर मुहर लगाएगा, जिससे यह सौगात जल्द ही पटरियों पर दौड़ती नजर आएगी।

