

बानापुरा / श्री ज्ञानरत्ना अकादमी में ऑरोरा स्पोर्ट्स मीट का आयोजन 27, 29 एवं 30 दिसंबर 2025 को विद्यालय परिसर में बड़े उत्साह और गरिमा के साथ किया जा रहा है। आयोजन का उद्घाटन 27 दिसंबर को प्रातः 10:30 बजे होगा। इस तीन दिवसीय खेल महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, टीमवर्क और शारीरिक व मानसिक विकास को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महेंद्र सिंह चौहान (एस.डी.ओ.पी.) उपस्थित रहेंगे, जबकि सम्मानित अतिथि सुधाकर बारस्कर (स्टेशन इंचार्ज) रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगरपालिका अध्यक्ष रितेश जैन करेंगे। खेल प्रतियोगिताओं में विद्यालय के छात्र-छात्राएं पूरे जोश और उमंग के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। विद्यालय की प्राचार्या रीना लुईस ने इस अवसर पर कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं बल्कि जीवन को अनुशासित, स्वस्थ और आत्मविश्वासी बनाने का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सहयोग की भावना और सकारात्मक सोच का विकास होता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को खेल भावना के साथ भाग लेने और अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। विद्यालय प्रशासन एवं आयोजन समिति द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। क्षेत्र के अभिभावकों एवं गणमान्य नागरिकों में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है और सभी से कार्यक्रम में उपस्थित होकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की गई है।

