
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / उपनगरी बानापुरा में बिना अनुमति संचालित हो रहे स्पा सेंटर और होटलों में कथित अवैध गतिविधियों की जांच की मांग को लेकर यूथ कांग्रेस ने ज्ञापन सौंपा है। नगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस हरीसन स्वामी द्वारा कलेक्टर के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में उल्लेख किया कि बानापुरा के मकान में संचालित सुकून स्पा सेंटर बिना आवश्यक अनुमति के संचालित किया जा रहा है। इसके संचालन की वैधानिकता, पंजीयन और संबंधित विभागों की अनुमतियों की जांच आवश्यक है। साथ ही ज्ञापन में नगर की कुछ होटलों में कथित रूप से अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायतों का उल्लेख कर निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। बानापुरा में संचालित सेंटर की जांच कर सभी आवश्यक अनुमतियों, पंजीयन और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाए। यदि बिना अनुमति संचालन पाया जाता है तो उसे बंद कर संचालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए। होटलों में कथित सेक्स रैकेट एवं अन्य अवैध गतिविधियों की पुलिस व संबंधित विभागों से निष्पक्ष जांच कराई जाए। ज्ञापन में जनहित और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए गंभीरता से जांच करने की मांग की गई है। ज्ञापन देने वालों में नगर युवक कांग्रेस अध्यक्ष हैरिसन स्वामी, नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष स्वदेश शर्मा, पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित, विकास पाठक, दीपक गोस्वामी एवं नरेंद्र पाठक सहित अन्य कांग्रेसजन शामिल रहे।

